Betul Murder News: हंसी मजाक करते समय हो गया विवाद, वृद्ध का कुल्हाड़ी से गला रेतकर कर दी हत्या
Betul Murder News: A dispute broke out while joking, an old man was murdered by slitting his throat with an axe.
Betul Murder News: गंज बैतूल थाना क्षेत्र के बाजपुर में दो व्यक्तियों के बीच हंसी मजाक में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने वृद्ध की कुल्हाड़ी से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या की इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर गंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का जायजा लिया। हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। गंज थाना प्रभारी संदीप परतेती ने बताया कि शनिवार की शाम को बाजपुर में रिंगा बारस्कर (75) की गांव के ही राधेश्याम धुर्वे (40) ने गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया था। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस मुताबिक शनिवार को रिंगा और राधेश्याम दोनों ने साथ में बैठकर शराब पी। शराब पीने के बाद नशे में दोनों हंसी मजाक करने लगे। इस हंसी मजाक के दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद में राधेश्याम ने कुल्हाड़ी से रिंगा के गर्दन पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का जायजा लिया। इस संबंध में मृतक के परिजनों के बयान भी दर्ज किए। रविवार सुबह मृतक का जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। इधर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और घटना में इस्तेमाल किए कुल्हाड़ी को जब्त किया है। आरोपी से पुलिस से पूछताछ कर रही है। आरोपी के खिलाफ धारा 302 सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय पेश किया है।



