Betul Crime News : खेतों से पानी की मोटर चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार

आठ चोरी की घटनाओं का खुलासा, 10 मोटर पंम्प को किया जप्त

Betul Crime News :  बैतूल थाना कोतवाली पुलिस द्वारा खेतों से पानी की मोटर एवं केबल वायर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। चोरी करने वाले आरोपियों तथा चोरी का माल खरीदने वालों सहित कुल 06 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।

 घटनाक्रम एवं प्रकरण का विवरण

थाना कोतवाली बैतूल क्षेत्रांतर्गत ग्राम भट्टाझिरी, खेडीसावलीगढ़, सेलगांव एवं भडूस के खेतों से अलग-अलग तारीखों में अज्ञात चोरों द्वारा सिंचाई के लिए उपयोग की जाने वाली पानी की मोटर पम्प चोरी किए जाने की घटनाएं सामने आई थीं।
इस संबंध में फरियादियों की रिपोर्ट पर  14 एवं 15 नवंबर 2026 को थाना कोतवाली में कुल 08 अपराध पंजीबद्ध किए गए। इनमें   धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए।

 पुलिस की कार्रवाई एवं आरोपियों तक ऐसे पहुँची

प्रकरणों की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली पुलिस द्वारा घटनास्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा मुखबिर सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान संदेही शिवम उर्फ सोयम मांझी एवं नितेश उर्फ निक्की विश्वकर्मा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों द्वारा अपने साथी हर्ष पाल के साथ मिलकर विभिन्न गांवों के खेतों एवं कुओं से पानी की मोटर पम्प चोरी करना स्वीकार किया गया।

खरीदी करने वालों को बनाया आरोपी

आरोपियों से पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी की गई मोटरें उन्होंने अब्दुल हबीब कबाड़ी, भैरू उईके कबाड़ी एवं चेतन तावरे को बेची थीं। पुलिस द्वारा उक्त तीनों व्यक्तियों को भी अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उनके द्वारा चोरी की मोटरें खरीदना स्वीकार किया गया।
पुलिस द्वारा आरोपियों की निशानदेही एवं उनके द्वारा पेश किए जाने पर कुल 10 नग पानी की मोटर पम्प विधिवत जप्त की गईं। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जप्त की गई है।

आठ चोरियों का किया खुलासा

इस प्रकार कोतवाली पुलिस ने आठ चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चोरी करने वाले एवं चोरी का माल खरीदने वाले कुल 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में भी विवेचना एवं तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपी

1) शिवम उर्फ सोयम मांझी पिता कमलेश मांझी, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम खेडीसावलीगढ़, थाना कोतवाली बैतूल, स्थायी निवासी ग्राम चांदपुर, तहसील डबरा, जिला ग्वालियर।
 2) नितेश उर्फ निक्की विश्वकर्मा पिता गणेश विश्वकर्मा, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम खेडीसावलीगढ़, थाना कोतवाली बैतूल।
3. हर्ष पाल पिता मनोज पाल, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम खेडीसावलीगढ़, थाना कोतवाली बैतूल।
4. अब्दुल हबीब पिता हफीज, उम्र 50 वर्ष, निवासी आजाद वार्ड, टिकारी बैतूल (कबाड़ी)।
5. भैरू पिता टिट्टा उईके, उम्र 50 वर्ष, निवासी खापा, थाना चिचोली (कबाड़ी)।
6. चेतन पिता रमेश तावरे, उम्र 26 वर्ष, निवासी बोरगांव, थाना चिचोली को गिरफ्तार किया है।

 जप्त मशरूका

1. पानी की मोटर पम्प – 10 नग, कीमत लगभग ₹2,42,000/-।
2. घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल – कीमत लगभग ₹85,000 शामिल है। इस तरह से
कुल जप्त मशरूका – ₹3,27,000 का मशरूका बरामद किया है।

 पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उपनिरीक्षक रामस्वरूप रघुवंशी, सहायक उपनिरीक्षक प्रवीण पचौरी, प्रधान आरक्षक 322 अजय भलावी, आरक्षक 243 नानकराम, प्रधान आरक्षक 165 रामदास रघुवंशी, प्रधान आरक्षक 52 बिजेश रघुवंशी, आरक्षक 30 ओंमकार, आरक्षक 01 रोहित नवरेती, आरक्षक 650 उज्जवल दुबे एवं आरक्षक 607 सूर्यकांत की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button