Betul Crime News : बटाई से खेती और पुरानी रंजिश के कारण की थी हत्या, आरोपी को किया गिरफ्तार
गंभीर अपराधों पर बैतूल पुलिस की त्वरित कार्रवाई,
Betul Crime News : आमला थाना क्षेत्र के ग्राम जाम्बडा में बटाई से खेती करने और पुरानी रंजिश को लेकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम जम्बाड़ा में खेती की बटाई को लेकर आरोपी ओमप्रकाश उर्फ मुन्ना देशमुख एवं चंद्रभान माथनकर के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपी द्वारा चंद्रभान को अश्लील गाली-गलौच की गई। इस दौरान पत्नी कमला बाई द्वारा गाली देने से मना करने पर आरोपी ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट कर धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया।इसके बाद आरोपी ने आक्रोशित होकर चंद्रभान माथनकर की छाती पर जान से मारने की नीयत से 2-3 लातें मारीं, जिससे वह बेहोश होकर गिर गया। परिजनों द्वारा तत्काल उसे शासकीय अस्पताल आमला ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर थाना आमला में मर्ग कायम कर जांच की गई तथा प्राप्त तथ्यों के आधार पर धारा 296(बी), 115(2), 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना आमला पुलिस द्वारा तत्परता से विवेचना करते हुए साक्ष्यों एवं तकनीकी सहयोग के आधार पर आरोपी की तलाश की गई।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ओमप्रकाश उर्फ मुन्ना देशमुख, पिता देवराव देशमुख, निवासी ग्राम जम्बाड़ा, थाना आमला को विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
उक्त प्रकरण में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने में थाना प्रभारी आमला निरीक्षक मुकेश ठाकुर, उप निरीक्षक मोहनलाल गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक रामेश्वर ठाकुर तथा आरक्षक ओमप्रकाश नागोतिया, नरेंद्र यदुवंशी, रोहन उइके, आदेश कवरेती, सचिन दीवान एवं जितेंद्र गाडरे की सराहनीय भूमिका रही।



