Chandra Grahan On Holi 2026 : इस बार होली पर भद्रा और चंद्रग्रहण का साया, तिथि को लेकर लोगों में भ्रम, जाने कब है सरकारी छुट्टी
Chandra Grahan On Holi 2026: This Holi will be under the shadow of Bhadra and lunar eclipse, confusion among people regarding the date, know when the government holiday is.

Chandra Grahan On Holi 2026 : इस वर्ष होली का पर्व धार्मिक गणनाओं और खगोलीय घटनाओं के दुर्लभ संयोग के बीच मनाया जाएगा। भद्रा और चंद्रग्रहण के एक साथ पड़ने से होलिका दहन और रंगोत्सव के समय में बदलाव किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्सुकता देखी जा रही है।
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार 2 मार्च की शाम 5:56 बजे से भद्रा प्रारंभ होकर 3 मार्च की सुबह 5:28 बजे तक प्रभावी रहेगी। शास्त्रों में भद्रा काल को मांगलिक कार्यों के लिए अशुभ माना जाता है, इसलिए इस अवधि में होलिका दहन नहीं किया जाएगा। भद्रा समाप्त होने के बाद ही होलिका दहन का आयोजन किया जाएगा।
बताया गया है कि 2 और 3 मार्च की मध्यरात्रि 12:50 बजे से 2:02 बजे तक विशेष शुभ मुहूर्त रहेगा, जिसमें विधि-विधान से होलिका दहन किया जा सकेगा। इस समय पूर्णिमा तिथि भी विद्यमान रहेगी, जिससे पूजा-अर्चना शास्त्र सम्मत मानी जाएगी। इसके साथ ही 3 मार्च को चंद्रग्रहण का प्रभाव भी रहेगा। ग्रहण का समय दोपहर 3:20 बजे से शाम 6:47 बजे तक बताया गया है। ग्रहण का मध्यकाल और मोक्ष काल इसी अवधि में रहेगा। भारत में यह चंद्रग्रहण खंड रूप में दिखाई देगा।
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार ग्रहण से लगभग नौ घंटे पहले, सुबह 6:20 बजे से सूतक काल प्रारंभ हो जाएगा। सूतक काल के दौरान पूजा-पाठ और अन्य शुभ कार्य करना वर्जित माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं और खगोलीय घटनाओं के इस विशेष संयोग के कारण इस बार होली का पर्व और भी महत्वपूर्ण हो गया है। श्रद्धालु भद्रा समाप्ति के बाद निर्धारित शुभ मुहूर्त में होलिका दहन करेंगे, वहीं रंगों का उत्सव भी ग्रहण और सूतक काल को ध्यान में रखते हुए मनाया जाएगा। इस बार की होली श्रद्धा, परंपरा और खगोलीय घटनाओं के अनोखे संगम के रूप में यादगार बनने जा रही है। सरकारी छुट्टी की बात की जाए तो 3 मार्च की रहेगी। इस दिन ग्रहण होने के कारण कई जगह धुरेड़ी नही मनाई जायेगी। इसलिए सरकारी कर्मचारियों ने 4 मार्च को छुट्टी की मांग की है।



