शनिचरी अमावस्या पर शनि मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़: विशाल भंडारे का हुआ आयोजन
बैतूल। जिले के शनि मंदिरों में शनिवार को परम्परागत हर्षोल्लास के साथ शनिचरी अमावस्या का पर्व मनाया जा रहा है। सनातन धर्म में अमावस्या का विशेष महत्व है और यदि यह तिथि शनिवार के दिन पड़ जाए तो उसका महत्व और बढ़ जाता है। शनिवार की अमावस्या को शनिचरी अमावस्या कहते हैं। आज माघ माह की मौनी अमावस्या भी है, जिसकी वजह से शुभ संयोग भी है। सुबह से ही ताप्ती, माचना, बेल, पूर्णा आदि निदियों में स्नान करने लोग पहुंचने लगे थे।पंडित किशोर देशपांडे ने बताया कि 30 वर्ष बाद ऐसा शनिचरी अमावस्या पर विशेष संयोग बना है। नदियों में स्नान, दान-पुण्य और पूजा-पाठ करने से शनिदेव और पूर्वजों का आशीर्वाद प्राप्त होता है। शहर के गंज क्षेत्र स्थिति शनि मंदिर के अलावा बीएसएनएल कार्यालय के पास शनि मंदिर, भग्गूढाना एवं जिले के अन्य क्षेत्रों में स्थित शनि मंदिरों में भी पूजन करने बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भगवान शनि को तेल अर्पित कर कष्टों के निवारण की प्रार्थना की गई।
विशाल भंडारे का आयोजन

बीएसएनएल कार्यालय के पास स्थित शनि मंदिर में शनिवार शाम को विशाल भंडारा आयोजित किया गया जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की है। प्रसादी के रूप में चना केला और सोन पापड़ी की प्रसादी वितरित की है।



