Betul News : बैतूल में वास्तु एगमार्क घी के दो बैच असुरक्षित घोषित, भंडारण-बिक्री पर लगा प्रतिबंध

वास्तु एगमार्क घी खरीदने से पहले देख लें बैच नंबर

प्रतीकात्मक फोटो

Betul News : बैतूल खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा की गई जांच में वास्तु एगमार्क घी के दो बैच मानव उपभोग के लिए असुरक्षित पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजीव शर्मा ने संबंधित दोनों बैचों के भंडारण, परिवहन एवं विक्रय पर संपूर्ण राजस्व जिला बैतूल में तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खाद्य सुरक्षा अधिकारी जिला बैतूल द्वारा माह अगस्त में ईदनानी इंटरप्राइजेज बैतूल एवं गुप्ता इंटरप्राइजेज शाहपुर से वास्तु एगमार्क घी के नमूने जांच के लिए लिए गए थे। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट में दोनों नमूने मानव उपभोग के लिए असुरक्षित पाए गए। जांच में असुरक्षित पाए गए घी के बैच का विवरण इस प्रकार है। पहले बैच में वास्तु एगमार्क घी 100 एमएल पैक, जिसका निर्माण मई 2026 में हुआ है तथा जिसकी एक्सपायरी जनवरी 2027 है। इसका बैच नंबर 01198/1605/26 है। वहीं दूसरे बैच में वास्तु एगमार्क घी 25 एमएल पैक शामिल है, जिसका निर्माण 1 अप्रैल 2026 को हुआ तथा एक्सपायरी तिथि 30 दिसंबर 2026 है। इसका बैच नंबर 1161/0104/26 है।
दोनों नमूनों के मानव उपभोग के लिए असुरक्षित पाए जाने के कारण खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 36(3)(बी) एवं एफएसएसएआई के पत्र दिनांक 18 जून 2026 के तहत संबंधित बैचों के भंडारण, परिवहन एवं विक्रय पर प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार प्रतिबंधित बैच के घी का जिले में किसी भी स्थान पर भंडारण, परिवहन अथवा विक्रय नहीं किया जा सकेगा।
अभिहित अधिकारी श्री संजीव शर्मा ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति अथवा फर्म प्रतिबंधित बैच के वास्तु एगमार्क घी का भंडारण, परिवहन या विक्रय करते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के सुसंगत प्रावधानों के अंतर्गत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से अपील की है कि संबंधित बैच नंबर वाले घी का उपयोग न करें तथा खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकेट पर अंकित बैच नंबर, निर्माण तिथि एवं एक्सपायरी तिथि की सावधानीपूर्वक जांच करें। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button