MP Board Exam 2024: कक्षा दसवीं के प्रश्न पत्र में बना एक नकल प्रकरण, लापरवाह शिक्षकों को कारण बताओं नोटिस जारी
MP Board Exam: A case of cheating in class 10th question paper, show cause notice issued to negligent teachers
MP Board Exam 2024: बैतूल जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा के हवाले से जारी जानकारी में बताया गया कि मंगलवार दिनांक 13 फरवरी 2024 को जिले के 128 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुए गणित विषय के प्रश्न पत्र में 01 प्रकरण अनुचित साधन अपनाए जाने संबंधी पंजीबद्ध हुआ। विस्तृत जानकारी में विभागीय अधिकारी श्री सुबोध शर्मा द्वारा बताया गया कि अनुचित साधन अपनाए जाने संबंधी प्रकरण, राजस्व विभाग के उड़नदस्ते के द्वारा शासकीय उत्कृष्ट उमावि चिचोली में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर पंजीकृत किया गया। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को हाई स्कूल प्रमाण पत्र परीक्षा में गणित विषय के प्रश्न पत्र में 21724 परीक्षार्थियों को परीक्षा में सम्मिलित होना था जिनमें से 21131 परीक्षाथी परीक्षा में सम्मिलित हुए और 593 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। 13 फरवरी को ही 12वीं हायर सेकंडरी प्रमाण पत्र परीक्षा अंतर्गत मनोविज्ञान विषय का प्रश्न पत्र भी संपन्न हुआ।
जिले में परीक्षा केंद्रों के सतत एवं सघन निरीक्षण के लिए बनाए गए उड़नदस्तों द्वारा जुवाड़ी, उत्कृष्ट घोड़ाडोंगरी, बालक सारणी, कन्या सारणी, पाथाखेड़ा, उत्कृष्ट आठनेर, कन्या आठनेर, बिसनूर, गेहूंबारसा, मासोद, खामला, कोडिया, बालक भेसदेही, कन्या भैंसदेही, चूना हजूरी कन्या चिचोली, उत्कृष्ट चिचोली, चिखलीमाल, कन्या प्रभात पट्टन एवं उत्कृष्ट प्रभात पट्टन केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। प्रश्न पत्र के दौरान संयुक्त संचालक लोक शिक्षण नर्मदा पुरम संभाग के उपसंचालक श्रीमती ज्योति प्रहलादी के नेतृत्व में गठित उड़नदस्ते द्वारा भी जिले के केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दौरान उत्कृष्ट आठनेर एवं कन्या उमावि आठनेर में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर एक-एक शिक्षकों द्वारा परीक्षा कार्य में सजगता से कार्य न करने एवं लापरवाही बरतने के संदर्भ में कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए जाने के लिए हेतु सक्षम अधिकारी को निर्देशित किया गया है। कन्या उमावि आठनेर परीक्षा केंद्र पर प्राथमिक शाला बरखेड़ के शिक्षक श्री शुभम उबनारे, माध्यमिक शाला बरखेड़ के शिक्षक श्री जगदीश धुर्वे तथा उत्कृष्ट आठनेर परीक्षा केंद्र पर अंग्रेजी माध्यम प्राथमिक शाला की शिक्षिका श्रीमती शर्मिला चड़ोकार को यह कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए हैं। दोनों केंद्रों के केंद्र अध्यक्ष एवं सहायक केंद्राध्यक्ष को परीक्षा संचालन में सजगता के अभाव एवं लापरवाही बरतने को लेकर कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए जा रहे हैं। परीक्षा कक्ष में विषय शिक्षकों को पर्यवेक्षण कार्य में संलग्न करने पर कन्या उमावि आठनेर के केंद्र अध्यक्ष एवं उत्कृष्ट उमावि आठनेर स्थित परीक्षा केंद्र के केंद्र अध्यक्ष को पूर्ण सजगता से कर्तव्य निर्वहन नहीं किए जाने के संदर्भ में कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए जाने के निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा टाइम टेबल के अनुसार दिनांक 14 फरवरी को दोनों ही परीक्षाओं के प्रश्न पत्र संपन्न नहीं होना है। दिनांक 15 फरवरी 2024 को हायर सेकेंडरी प्रमाण पत्र परीक्षा अंतर्गत बायोटेक्नोलॉजी, गायन वादन, तबला पखावज एवं हाई स्कूल प्रमाण पत्र परीक्षा अंतर्गत मराठी, गुजराती, मूक वधिर के लिए पेंटिंग, गायन वादन, तबला पखावज का प्रश्न पत्र होना है, जिले में यह प्रश्न पत्र तीन परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होंगे।



