घर की खुदाई में मिला खजाना,मजदूरों ने आपस में बांटा:दीवार से मिली 1 करोड़ की सोने की गिन्नियां व जेवर, शराब पीने से खुल गया राज

भास्कर फ़ोटो
मध्यप्रदेश के धार में एक जर्जर मकान की खुदाई के दौरान मजदूरों को खजाना मिल गया। मजदूरों ने खजाना आपस में बांट लिया। लेकिन उनका ये राज ज्यादा दिनों तक छुप नहीं सका। एक मजदूर ने रातोंरात उधारी चुका कर नई बाइक खरीद ली। रोज शराब पीने लगा। उसने नशे में खजाना मिलने की बात लोगों काे बता दी। यहीं से मामला पुलिस तक पहुंच गया। जांच में पता चला कि मकान तोड़ने के दौरान मजदूरों को 1 करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत की सोने की 87 गिन्नियां और जेवर मिले थे। 1 गिन्नी बेच दी गई। मजदूरों से 86 गिन्नियां बरामद की गई हैं।
TI समीर पाटीदार ने बताया कि शुक्रवार शाम 7.30 बजे तक पुलिस 4 लोगों को थाने ले आई थी। बाद में चार और आरोपी पकड़े गए। सभी को कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगी जाएगी। मामले में धार के एक व्यापारी का नाम भी सामने आ रहा है। पुलिस उसे भी हिरासत में ले सकती है। पुलिस को आशंका है गिन्नियों की संख्या ज्यादा भी हो सकती है।

कैसे मिला खजाना, पुलिस को कैसे पता लगा…
धार में नालछा दरवाजा इलाके के पास चिटनीस चौक में शिवनारायण राठौड़ का मकान दो हिस्सों में बना हुआ है। एक हिस्से में परिवार रहता है। दूसरा हिस्सा जर्जर था और इसे तोड़कर नया मकान बनाया जा रहा है। मजदूर एक महीने से यहां काम कर रहे हैं। दीवार गिराते समय सोने के जेवर और सिक्के निकले।

एडिशनल SP देवेंद्र पाटीदार ने बताया कि मकान मालिक से पूछताछ की, लेकिन परिवार को कोई जानकारी नहीं थी। इसके बाद वहां काम करने वाले मजदूरों के बारे में जानकारी जुटाई गई। एक मजदूर सुरेश का पता चला। पुलिस उसके घर हिम्मतगढ़ गांव पहुंची। सबसे पहले सुरेश को अरेस्ट कर थाने लाया गया। उसने ही गिन्नियां मिलने और इसे बांटने की सारी जानकारी दी। सुरेश मजदूरों का ठेकेदार है।जन्माष्टमी वाले दिन सुरेश को मिली गिन्नियां
सुरेश ने पुलिस को बताया, जन्माष्टमी वाले दिन सबसे पहले सोने की गिन्नियां निकली थीं। दीवार तोड़ते समय सब्बल लगने से करवा (मिट्‌टी का घड़ा) टूटा और इसमें से 39 गिन्नियां निकलीं। इसे उसने दो अन्य मजदूरों सोहन और बर्मा के साथ आपस में बांट लिया था। दूसरे मजदूरों को जानकारी नहीं दी।

भास्कर फ़ोटो

दो दिन बाद फिर मिला खजाना…
इसके दो दिन बाद फिर से दीवार खुदाई के दौरान लोहे का कलश निकला। इसमें सोने की गिन्नियां, 4 तोले की चेन और सोने का एक टुकड़ा मिला। इसे धार के दशहरा मैदान की पहाड़ी पर जाकर बांटा। इस बार हिस्सेदार बढ़ गए थे।

एक मजदूर ने उधारी चुकाई, बाइक खरीदी… यहीं से सुराग मिला
मजदूर बर्मा पिता रामा ने इस बीच होटल की अपनी पूरी उधारी चुका दी। साथ ही उसने एक बाइक भी खरीद ली। मजदूरों के हाथ खजाना लगने की खबर पुलिस को इसके बाद ही मिली। पुलिस ने बर्मा से 20 (1 गिन्नी बर्मा ने बेच दी), सुरेश और सोहन से 13-13 गिन्नियां बरामद कीं। सोहन, दिनेश, मनीष, धर्मेंद्र और जितेंद्र के पास से 8-8 गिन्नियां बरामद कीं। बर्मा के पास से ही सोने की चेन भी मिली है।
100 साल से रहता आ रहा राठौर परिवार
जिस शिवनारायण राठौर के मकान में खजाना निकला है, उनका परिवार 100 साल से इसी मकान में रह रहा है। शिवनारायण की किराना दुकान है। बेटा अनूप ऑनलाइन शॉपिंग कं‍पनियों का सामान होम डिलीवरी करने का काम करता है। 2600 वर्ग फीट (40 बाय 65) का पूरा प्लॉट है। 18 बाय 60 का हिस्सा जर्जर होने पर इसे तोड़कर नया बनाया जा रहा है। एक महीने पहले ही शिवनारायण ने ये काम शुरू कराया था।

पीएम आवास योजना के तहत जनवरी 2022 में राशि स्वीकृत हुई थी। अभी दीवार और छज्जा तोड़ा जा चुका है, नींव तोड़ने का काम बाकी है। धन जमीन में नहीं, दीवार में मिला है, ऐसे में कानूनी जानकारी लेने के बाद परिवार धन सुपुर्द करने के लिए आवेदन कर सकता है।

वर्तमान में दीवार सहित जर्जर हिस्सा ही टूटा था, घर की नींव तोडने का काम भी अभी बाकी था, जिसके बीच में ही धन निकलने की बात सामने आ गई। परिवार से जुडे लोगों के अनुसार धन जमीन में नहीं मिलते हुए दीवार में मिला हैं, ऐसे में कानूनी जानकारी लेने के बाद परिवार के लोग इस धन को सुपुर्द करने के लिए आवेदन भी कर सकते हैं।
न्यूज़ सोर्स दैनिक भास्कर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button