Betul Crime News : अंधे कत्ल का खुलासा ,पत्नी और प्रेमी ने मिलकर की थी पति की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

डॉग स्क्वॉड एवं फोरेंसिक टीम की मदद से जंगल में दफन शव बरामद

Betul Crime News :  बैतूल के थाना शाहपुर पुलिस ने ग्राम खापा निवासी संदीप यादव की हत्या के अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए उसकी पत्नी सागर यादव एवं उसके प्रेमी ओमप्रकाश यादव को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपियों द्वारा हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से मृतक के शव को ताकू मिलिट्री रेंज के जंगल में नाले के पास रेत में दफना दिया गया था।

यह है पूरा घटना क्रम

20 नवम्बर 2026 को ग्राम खापा थाना शाहपुर निवासी सागर यादव द्वारा थाना शाहपुर उपस्थित होकर अपने पति संदीप यादव की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस द्वारा गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच एवं गुमशुदा की तलाश प्रारंभ की गई।

जांच के दौरान पत्नी एवं उसके प्रेमी पर हुआ संदेह

गुमशुदगी की जांच के दौरान पुलिस को मृतक की पत्नी सागर यादव एवं ओमप्रकाश यादव की संदिग्ध गतिविधियों तथा दोनों के बीच आपसी संबंधों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। पुलिस द्वारा दोनों संदेहियों से पूछताछ की गई तथा विभिन्न परिस्थितिजन्य साक्ष्यों का सूक्ष्मता से परीक्षण किया गया।
जांच में सामने आए तथ्यों एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर यह खुलासा हुआ कि सागर यादव ने अपने प्रेमी ओमप्रकाश यादव के साथ मिलकर पति संदीप यादव की हत्या की तथा घटना को छिपाने के उद्देश्य से उसके शव को ताकू मिलिट्री रेंज के जंगल में नाले के पास जमीन में दफना दिया था।

डॉग स्क्वॉड एवं फोरेंसिक टीम की मदद से जंगल में मिला शव

22 नवम्बर 2026 को आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम द्वारा जंगल में शव की तलाश प्रारंभ की गई। प्रारंभ में आरोपियों द्वारा पुलिस को गुमराह करते हुए शव दफनाने के वास्तविक स्थान की जानकारी नहीं दी जा रही थी।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी शाहपुर  नीरज पाल द्वारा पुलिस अधीक्षक बैतूल के निर्देशानुसार जिला फोरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी के हमराह डॉग हैंडलर विवेक गाडगे एवं पुलिस फोटोग्राफर प्रधान आरक्षक सुभाष माकोड़े घटनास्थल पहुंचे।
थाना प्रभारी द्वारा मृतक की चप्पल एवं कपड़े घर से मंगवाकर डॉग को सेंट कराया गया। इसके बाद डॉग जंगल की ओर बढ़ा और मुख्य सड़क से लगभग 3 किलोमीटर अंदर जंगल में स्थित नाले के पास पहुंचा। डॉग द्वारा बताए गए स्थान पर पुलिस टीम ने जांच की, जहां शव दफन होने के संकेत मिले।
इसके पश्चात तहसीलदार इटारसी एवं थाना प्रभारी केसला की उपस्थिति में विधिवत वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए शव उत्खनन की कार्रवाई की गई। नाले के पास रेत में दफन मृतक संदीप यादव का शव बरामद किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल पहुंचकर दिए निर्देश

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री अमित सक्सेना स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे तथा थाना शाहपुर एवं थाना केसला, जिला नर्मदापुरम के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शव के संबंध में थाना केसला में मर्ग कायम किया गया। घटनास्थल ग्राम खापा, थाना शाहपुर क्षेत्रांतर्गत पाए जाने से थाना शाहपुर में, धारा 140(3) बीएनएस में धारा 103(1), 238 बीएनएस का इजाफा कर प्रकरण में अग्रिम विवेचना की जा रही है।

आरोपियों की गिरफ्तारी एवं जप्ती

पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी सागर यादव एवं उसके प्रेमी ओमप्रकाश यादव को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं आरोपी सागर यादव के कपड़े जप्त किए गए हैं। प्रकरण में अन्य साक्ष्यों का संकलन करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई एवं विवेचना जारी है।

*सराहनीय भूमिका*

उक्त अंधे कत्ल का खुलासा करने एवं आरोपियों की गिरफ्तारी तथा शव बरामदगी की कार्रवाई में एसडीओपी शाहपुर श्रीमती अर्चना शर्मा, थाना प्रभारी शाहपुर टीआई श्री नीरज पाल, निरीक्षक आबिद अंसारी प्रभारी सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट बैतूल, उपनिरीक्षक सोनम साहू, प्रधान आरक्षक अनूप, आरक्षक सलमान, नीरज पांडे, धीरज काले, सुभाष माकोड़े, विवेक गाडगे, पवन एनिया एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button