Betul Chunri Yatra : शिव मंदिर से ताप्ती तट तक भक्ति की पदयात्रा, 121 मीटर चुनरी लेकर निकले निलय डागा

18 किलोमीटर लंबी पदयात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत, आदिवासी संस्कृति की दिखी झलक, दस वर्षों से निरंतर निभा रहे मां ताप्ती की सेवा का संकल्प

Betul Chunri Yatra :  बैतूल आस्था, भक्ति और लोक संस्कृति के अद्भुत संगम का नजारा मंगलवार को बैतूल में देखने को मिला। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर पूर्व विधायक निलय विनोद डागा एवं उनकी धर्मपत्नी दीपाली डागा के नेतृत्व में मां ताप्ती की भव्य चुनरी पदयात्रा निकाली गई। कोठीबाजार स्थित प्राचीन शिव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और भगवान शिव का आशीर्वाद लेने के बाद 121 मीटर लंबी चुनरी लेकर श्रद्धालुओं का कारवां मां ताप्ती के जयकारों के साथ खेड़ी घाट के लिए रवाना हुआ। करीब 18 किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। रास्तेभर गूंजते मां ताप्ती के जयकारों और जगह-जगह हुए भव्य स्वागत ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।

18 किलोमीटर तक गूंजे मां ताप्ती के जयकारे

जिले की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की मंगलकामना के साथ निकाली गई पदयात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। निलय डागा और दीपाली डागा श्रद्धालुओं के साथ 121 मीटर लंबी चुनरी लेकर आगे बढ़े। यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर पदयात्रा का स्वागत किया। पारंपरिक आदिवासी संस्कृति की मनमोहक झलक भी आयोजन का विशेष आकर्षण रही। ढोल-मांदल और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह से पदयात्रा में शामिल होते नजर आए। खेड़ी स्थित ताप्ती घाट पहुंचकर मां ताप्ती को 121 मीटर लंबी चुनरी अर्पित की जाएगी।

मां ताप्ती जिले की जीवनरेखा, किसानों की खुशहाली की कामना

निलय डागा ने कहा कि मां ताप्ती बैतूल जिले की जीवनदायिनी हैं। उन्हें जिले की जीवनरेखा कहा जाता है। मां ताप्ती से प्रार्थना है कि जिले के किसानों के जीवन में खुशहाली आए, आमजन को सुख, शांति और समृद्धि मिले तथा बैतूल जिला विकास और उन्नति के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ता रहे। इसी भावना और जनकल्याण के संकल्प के साथ हर वर्ष चुनरी पदयात्रा का आयोजन किया जाता है। कार्तिक पूर्णिमा पर निकली इस पदयात्रा ने एक बार फिर मां ताप्ती के प्रति जिलेवासियों की अटूट आस्था और धार्मिक परंपरा की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button