Betul News : आग की भट्टी की तरह तपने लगा बैतूल, शनिवार का दिन सीजन का सबसे गर्म दिन रहा
Betul News: Betul started heating up like a furnace, Saturday was the hottest day of the season.
Betul News : बैतूल। सतपुड़ा की हरी-भरी वादियों में बसा बैतूल इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। मौसम ने अचानक करवट ली है और शहर आग की भट्टी जैसा महसूस होने लगा है। शनिवार इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, शनिवार का अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है।
दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा है और लोग जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं। खासकर बुजुर्ग, बच्चे और महिलाएं तेज गर्मी से ज्यादा परेशान हैं। बाजारों में भी दोपहर के समय भीड़ कम देखी जा रही है।
डॉक्टरों ने गर्मी से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। पर्याप्त पानी पीने, धूप में निकलते समय सिर ढकने और दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न जाने की हिदायत दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग भी लोगों को लू से बचाव के प्रति जागरूक कर रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी का असर और तेज होने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग दोनों ही सतर्क हैं। फिलहाल, बैतूलवासियों को राहत के लिए ठंडी हवाओं या बारिश का इंतजार है।



