Betul News : निजी स्कूलों की नहीं चलेगी मनमानी, जारी किए नए निर्देश, पालकों को मिली राहत
शासकीय एवं सभी बोर्ड के अशासकीय विद्यालयों के लिए निर्देश जारी , निर्देशों का उल्लंघन करने पर संस्था प्रमुखों के विरुद्ध होगी कार्रवाई
Betul News : बैतूल शीत ऋतु में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले के समस्त शासकीय एवं विभिन्न बोर्ड से संबद्ध अशासकीय विद्यालयों के लिए गणवेश संबंधी निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत सर्दी से बचाव के लिए निर्धारित गणवेश से अलग रंग या डिजाइन के स्वेटर, जैकेट अथवा अन्य गर्म कपड़े पहनकर आने वाले विद्यार्थियों को कक्षा में प्रवेश से नहीं रोका जा सकेगा।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि कुछ विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा निर्धारित गणवेश के अतिरिक्त अन्य रंग के गर्म कपड़े पहनने पर उन्हें कक्षा में प्रवेश नहीं देने तथा कक्षा के बाहर जूते-चप्पल उतरवाने की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इसे गंभीरता से लेते निर्देश दिए है। साथ ही किसी भी विद्यार्थी को कक्षा कक्ष के बाहर जूते-चप्पल उतारने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा।
समस्त अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्य एवं संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे तत्काल विद्यालय के सभी कक्षा शिक्षकों एवं स्टाफ की बैठक लेकर इन निर्देशों से अवगत कराएं, ताकि किसी भी विद्यार्थी के साथ नियमों के विपरीत व्यवहार न हो। भविष्य में किसी भी शासकीय अथवा अशासकीय विद्यालय के विरुद्ध इन निर्देशों के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर संबंधित संस्था प्रमुख एवं प्राचार्य के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अशासकीय विद्यालयों की मान्यता समाप्त करने एवं संबंधित बोर्ड से संबद्धता निरस्त करने की अनुशंसा भी की जाएगी।



