Betul Cold Wave: बैतूल में दिनभर चली शीतलहर, अधिकतम तापमान में आई भारी गिरावट
Betul Cold Wave: Cold wave continued throughout the day in Betul, maximum temperature dropped drastically

Betul Cold Wave: बैतूल। मौसम साफ होते ही ठंड ने अपने तेवर दिखाना फिर शुरु कर दिया है। मंगलवार को दिनभर ठंडी हवाएं चलने से तापमान में भारी गिरावट आई है। दिन में भी लोगों को ठिठुरन होते रही। अधिकतम तापमान में आई गिरावट के बाद न्यूनतम तापमान में भी कमी आएगी। एक दिन पहले मौसम का मिजाज बदल गया था। आसमान में बादल छा गए थे। मंगलवार को मौसम पूरी तरह से साफ हो गया। बादल छटते ही ठंडी हवाएं चलने लग गई है। ठंडी हवाओं के कारण दिन में भी लोगों को गर्म कपड़े पहनने के लिए मजबूर होना पड़ा। लोग गर्म कपड़ों के सहारे ठंड से बचने दिखाई दिए। सरकारी दफ्तरों में कामकाज करने वाले कर्मचारी ठंड के कारण परेशान होते रहे। कुछ कर्मचारी ठंड से बचने के लिए धूप का आनंद लेते रहे।
- यह भी पढ़े:- Betul Mandi Bhav 07 January 2025 : आज 07 जनवरी 2025 के बैतूल मंडी भाव, मक्का की अभी भी बंपर आवक
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं से तापमान में और गिरावट आएगी। मंगलवार का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री से लुढ़ककर 23.0 डिग्री के करीब पहुंच गया है। अधिकतम तापमान में 4.5 डिग्री की गिरावट आई है। तापमान में एकाएक गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री पर है। मंगलवार की रात न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी।
बार-बार बदलते मौसम से बिगड़ रही सेहत
पिछले कुछ दिनों से मौसम में बार-बार बदलाव आने से इसका असर अब लोगों की सेहत पर भी देखने को मिल रहा है। सर्दी-खांसी, बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। बादल छाने के कारण तापमान में एकाएक बढ़ोतरी हो जाती है तो कभी बादल छटते ही तापमान में कमी आ जाती है, जिससे लोगों की सेहत बिगड़ने लगी है। अस्पतालों में सर्दी-खांसी, बुखार के मरीजों में लगातार इजाफा हो रहा है। जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में मौसमी बीमारी के मरीज उपचार करवाने पहुंच रहे है।



