Betul Today News: सड़क खराब, डेढ़ किलोमीटर गर्भवती को बैलगाड़ी से लेकर आये परिजन
Betul Today News: Road is bad, relatives brought pregnant woman on bullock cart for 1.5 km

Betul Today News: सरकार गाँव – गाँव तक सड़क मार्ग बनाने का दावा करती है लेकिन हकीकत कुछ और है। बैतूल आदिवासी जिले में आज भी सुदूर अंचलों के गावों में पक्की सड़क नही है। सड़क नही होने से गाँवो तक ऐंबुलेंस तक नही पहुँच पाती है। किसी की तबियत खराब हो या फिर गर्भवती को अस्पताल तक पहुँचने की बात हो। सब काम बैलगाडी से करना पड़ता है। एक ऐसा ही ताजा मामला घोड़ाडोंगरी विधानसभा का सामने आया है। एक महिला को प्रसव पीड़ा होने पर डेढ़ किमी तक बैलगाड़ी से ऐंबुलेंस तक लाना पड़ा। गाँव तक सड़क नही होने से एम्बुलेंस नही पहुँच पाती है।
जानकारी के अनुसार संतलाल उइके ग्राम धसई की पत्नी ललिता उइके को सुबह प्रसव पीड़ा होने पर 108 एम्बुलेंस को फोन किया गया परंतु ग्राम की सड़क खराब होने के कारण 108 एम्बुलेंस गाँव तक नहीं पहुंच पाई। इसके बाद परिजन महिला को बैलगाड़ी में बिठाकर कच्चे रास्ते से करीब डेढ़ किलोमीटर 108 एम्बुलेंस तक लेकर आये। एम्बुलेंस गाँव से करीब डेढ किमी तक दूर खड़ी थी। गर्भवती महिला को एम्बुलेंस तक लाने के बाद अस्पताल लेकर जा रहे थे। अधिक प्रसव पीड़ा होने पर एम्बुलेंस में रास्ते में ही डिलेवरी हो गई। एम्बुलेंस के कर्मचारियों ने सुरक्षित प्रसव कर महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है। जच्चा बच्चा दोनों स्वस्थ है।



