MP News : बैतूल जिला अस्पताल में पदस्थ रही और वर्तमान में राजगढ़ खिलचीपुर सिविल अस्पताल में पदस्थ नर्सिंग ऑफिसर और BMO के बीच विवाद
MP News: Dispute between Nursing Officer and BMO, who was posted in Betul District Hospital and is currently posted in Rajgarh Khilchipur Civil Hospital
MP News : राजगढ़ जिले के खिलचीपुर सिविल अस्पताल में रविवार को ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) डॉ. हिमांशु मीणा और नर्सिंग ऑफिसर माधुरी धोटे के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच धक्कामुक्की की स्थिति बन गई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने खिलचीपुर थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उल्लेखनीय है कि नर्सिंग आफिस जिला अस्पताल बैतूल में भी पदस्थ रह चुकी है।
इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नर्सिंग ऑफिसर माधुरी धोटे थाने के गेट पर रोते हुए दिखाई दे रही हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में उनके साथ मारपीट की गई और मोबाइल भी छीन लिया गया।
माधुरी धोटे ने बताया कि वे करीब छह महीने से सिविल अस्पताल के पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। उनका आरोप है कि वे नियमित रूप से ड्यूटी करती हैं, लेकिन फरवरी महीने की उनकी अटेंडेंस शून्य भेज दी गई, जिसके कारण उन्हें वेतन नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि रविवार सुबह जब वे अस्पताल पहुंचीं तो डॉक्टर मौजूद नहीं थे और वहां सफाई का काम चल रहा था। वह इस स्थिति का वीडियो बना रही थीं, तभी स्टाफ ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और स्टाफ ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। माधुरी का आरोप है कि BMO के आने के बाद कर्मचारियों ने उनके साथ मारपीट की, मोबाइल छीन लिया और उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया।
माधुरी ने अस्पताल में कई अनियमितताओं के आरोप भी लगाए। उनका कहना है कि डॉक्टर समय पर नहीं आते, गरीब महिलाओं से डिलीवरी के लिए पैसे लिए जाते हैं और एनआरसी में बच्चों की संख्या रिकॉर्ड में ज्यादा दिखाई जाती है।
वहीं, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. हिमांशु मीणा ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग ऑफिसर माधुरी अक्सर लंबी छुट्टियों पर रहती हैं। अस्पताल में सार्थक अटेंडेंस सिस्टम लागू है और फरवरी में उनकी अटेंडेंस शून्य दर्ज थी, इसलिए वेतन नहीं जारी किया गया।
डॉ. मीणा के मुताबिक रविवार को माधुरी अस्पताल आईं, लेकिन ड्यूटी करने के बजाय कर्मचारियों के वीडियो बनाने लगीं। जब स्टाफ ने आपत्ति जताई तो वह बहस करने लगीं। उन्होंने आरोप लगाया कि माधुरी ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और बीच-बचाव करने आई नर्सों के साथ भी हाथापाई की।
डॉ. मीणा का कहना है कि इस दौरान माधुरी ने उनका अंगूठा मोड़ दिया और नाखून से चोट पहुंचाई। घटना की सूचना उन्होंने खिलचीपुर थाना प्रभारी और सीएमएचओ को फोन पर दी और अस्पताल स्टाफ के हस्ताक्षर के साथ थाने में लिखित शिकायत भी सौंपी है।फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।



