Betul Crime News : उमरिया के पुलिस जवान की बैतूल में हत्या, पुलिस जांच में जुटी
Betul Crime News: Umaria police constable murdered in Betul, police engaged in investigation
Betul Crime News: बैतूल जिले थाना मुलताई क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरदौली के पास श्मशान घाट के किनारे नाले में 30 जनवरी को मिले अज्ञात व्यक्ति के शव के मामले में पुलिस ने हत्या की पुष्टि की है। जांच में मृतक की पहचान उमरिया में पदस्थ पुलिस जवान के रूप में हुई है। घटना के बाद से पुलिस विशेष जांच दल के माध्यम से मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 जनवरी 2026 को थाना मुलताई को सूचना मिली कि ग्राम हरदौली के पास नाले में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध पाए जाने पर घटनास्थल को सुरक्षित कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।
पुलिस अधीक्षक बैतूल के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी के मार्गदर्शन में सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में सामने आया कि मृतक के सिर पर पत्थर से गंभीर चोटें पहुंचाई गई थीं, जिससे उसकी हत्या की गई और बाद में शव को नाले में फेंक दिया गया।
मृतक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। मृतक के पास पुलिस जैकेट, पैंट एवं टोपी होने से उसके पुलिस विभाग से जुड़े होने की आशंका जताई गई। इसके बाद पुलिस द्वारा मृतक के फोटो सोशल मीडिया एवं विभागीय ग्रुपों में साझा किए गए।
उक्त प्रयासों के बाद मृतक की पहचान आर.एस. सरयाम, जवान, 8वीं बटालियन विशेष सशस्त्र बल, छिंदवाड़ा के रूप में हुई। मृतक वर्तमान में 8वीं बटालियन की ‘ई’ कंपनी, उमरिया में पदस्थ था। वह 6 जनवरी 2026 को अवकाश पर आया था, जिसके बाद वह ड्यूटी पर वापस नहीं लौटा था।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बैतूल द्वारा विशेष जांच दल का गठन किया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर गिरफ्तारी की जाएगी।



