Betul News : विधायकों ने फसल नुकसानी का जल्द सर्वे कर मांगी रिपोर्ट, किसानों को मिलेगा मुआवजा
Betul News: MLAs asked for a quick survey of crop damage and a report, farmers will get compensation
Betul News : केंद्रीय राज्यमंत्री और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में जिले की खरीफ फसलों की क्षति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विशेष रूप से सोयाबीन फसल में पीला मोजेक रोग से हुई नुकसान पर चर्चा की गई। केंद्रीय मंत्री और विधायक खंडेलवाल ने प्रभावित किसानों की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सोयाबीन की फसल जिले की प्रमुख आय का साधन है और पीला मोजेक जैसी बीमारी ने किसानों को आर्थिक संकट में डाल दिया है। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों से फसल की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन क्षेत्रों में किसानों को नुकसान हुआ है, वहां का त्वरित सर्वे कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सर्वे कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और प्रभावित किसानों को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। बैठक में कलेक्टर सूर्यवंशी ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक प्रभावित ग्राम में जाकर फसल क्षति का आंकलन करें और विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर राहत उपलब्ध कराई जाएं।
बैठक में विधायक आमला डॉ योगेश पंडाग्रे, विधायक मुलताई चंद्रशेखर देशमुख, विधायक भैंसदेही महेंद्र सिंह चौहान, विधायक घोड़ाडोंगरी श्रीमती गंगाबाई उईके तथा कलेक्टर बैतूल नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी,मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अक्षत जैन सहित कृषि विभाग, राजस्व विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



