Betul: वेंटीलेटर तोडक़र पीएनबी बैंक में चोरी का प्रयास
बैतूल। जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। पहले चोर सूने आवासों को निशाना बनाते थे, लेकिन अब चोरों ने बैंकों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। तीन दिन पहले कोलगांव एसबीआई बैंक में दीवार तोडक़र चोरी करने का प्रयास किया था। अभी तक चोरों का पता भी नहीं चला कि बुधवार को शहर की पंजाब नेशनल बैंक को निशाना बनाते हुए चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन चोर की घटना को अंजाम देने में सफल नहीं हो पाए। चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, पुलिस सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से चोरों की तलाश करने में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने सिविल लाईन ैिस्थत पंजाब नेशनल बैंक शाखा के वेंटीलेटर को तोडक़र बैंक में सेंध लगाने की कोशिश की लेकिन चोर चोरी की घटना को अंजाम देने में सफल नहीं हो पाए। घटना की जानकारी तब लगी जब सुबह शाखा खोलने कर्मचारी पहुंचे। जैसे ही कर्मचारियों ने शाखा खोली सामान बिखरा था और वेंटीलेटर टूटा मिला। घटना की जानकारी बैंक शाखा प्रबंधन ने गंज पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। बैंक प्रबंधक दीपक अग्रवाल ने बताया कि अज्ञात चोरों ने बैंक की खिडक़ी तोडक़र भीतर प्रवेश किया और चोरी का प्रयास किया, लेकिन चोर चोरी करने में सफल नहीं हुए। प्रबंधक श्री अग्रवाल ने बताया कि बैंक का लॉकर सहित सभी सामान सुरक्षित है। चोर घटना को अंजाम देने में कामयाब नहीं हो पाए। सीसीटीवी कैमरे में एक युवक नकाब पहने हुए अंदर प्रवेश करते दिख रहा है। नकाब पहनने के कारण चोर की पहचान नहीं हो पाई। चोरी का प्रयास करने की यह घटना लगभग 3 बजे की है। बैंक प्रबंधन ने सीसीटीवी फूटेज गंज पुलिस को उपलब्ध कराए है। गंज थाना प्रभारी एबी मर्सकोले का कहना है कि बैंक प्रबंधक की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।



