Betul News : विधायक खंडेलवाल ने नगर भ्रमण कर स्वीकृत विकास कार्यों का लिया जायजा,नागरिकों की सुनी समस्याएं
Betul News: MLA Khandelwal toured the town to inspect approved development works and listened to the grievances of citizens.
गुणवत्तापूर्ण निर्माण और विकास कार्यों में बाधक अतिक्रमण चिन्हित कर हटाने के निर्देश
Betul News ‘;बैतूल मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत प्रदेश अध्यक्ष भाजपा एवं बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल ने शुक्रवार को नगर के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर नागरिकों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने विभिन्न वार्डों में स्वीकृत एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वती बाई बारस्कर, एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री नवनीत पांडे, एसडीओपी बैतूल गंज ,तहसीलदार श्रीमती पूनम साहू, टीआई सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
15 वार्डों में होंगे विभिन्न विकास कार्य
विधायक श्री खंडेलवाल ने भगतसिंह वार्ड, चन्द्रशेखर वार्ड, शास्त्री वार्ड, पटेल वार्ड, जयप्रकाश वार्ड, जवाहर वार्ड, टैगौर वार्ड, गणेश वार्ड, रामनगर, जाकिर हुसैन वार्ड, विकास वार्ड, शंकर वार्ड, विवेकानन्द वार्ड, लोहिया वार्ड, विनोबा वार्ड तथा राजेन्द्र वार्ड में आयोजित जनविश्वास शिविर में स्वीकृत विकास कार्यों की जानकारी नागरिकों को दी। इन वार्डों में नाली निर्माण, सीसी सड़क निर्माण, सीसी रोड, स्लैब निर्माण सहित अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे। विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि विकास कार्यों से वार्डों में नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
प्रत्येक वार्ड में सामुदायिक भवन बनाने की योजना
विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में नागरिकों की सुविधा के लिए 20 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवनों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवनों के निर्माण से स्थानीय नागरिकों को सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए सुविधा उपलब्ध होगी।
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं
विधायक श्री खंडेलवाल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी ठेकेदारों की बैठक लेकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक कार्य की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
अतिक्रमण हटाने और चौक-चौराहों के चौड़ीकरण के निर्देश
विधायक श्री खंडेलवाल ने नगरपालिका एवं राजस्व को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में बाधक बन रहे अतिक्रमणों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि स्वीकृत विकास कार्यों के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि शहर के आवश्यक चौक-चौराहों का चौड़ीकरण भी कराया जाएगा। इससे वाहनों के टर्निंग प्वाइंट पर यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और नागरिकों का आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा।



