Betul Crime News : रुपयों के लेनदेन को लेकर हुई थी हत्या, 10 हजार का ईनामी आरोपी पुणे से गिरफ्तार

Betul Crime News: Murder over money transaction, accused carrying a reward of Rs 10,000 arrested from Pune

Betul Crime News :  बैतूल। जिले के चर्चित सेल्टिया जलाशय हत्याकांड में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने पुणे से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत थाना बोरदेही पुलिस ने यह बड़ी सफलता हासिल की। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी मुलताई शिव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में की गई।

पुलिस के अनुसार 15 मई 2026 को थाना बोरदेही पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम कारोपानी के पास स्थित सेल्टिया जलाशय में एक युवक का शव संदिग्ध हालत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम बट्टी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

मौके पर युवक का शव पानी में औंधे मुंह पड़ा मिला, जिसे एक भारी पेड़ के तने के नीचे दबाकर छिपाया गया था। मृतक के सिर, गर्दन, गले और पीठ पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। मृतक की पहचान राजू उईके (22) निवासी ढाकरवाड़ी, थाना नवेगांव जिला छिंदवाड़ा के रूप में हुई।

 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि युवक की मौत गला दबाने और गंभीर चोटों के कारण हुई थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक और आरोपियों के बीच मजदूरी के पैसों के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में हत्या की साजिश रची गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि 13 मई को एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद राजू उईके आरोपियों के साथ मोटरसाइकिल से गया था, जिसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और परिस्थितिजन्य तथ्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने मिलकर पहले राजू उईके के साथ मारपीट की और फिर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद सबूत मिटाने की नीयत से शव को सेल्टिया जलाशय में फेंककर भारी पेड़ के तने के नीचे दबा दिया गया था।

पुलिस ने फरार चल रहे इनामी आरोपी संजय उर्फ संजू पिता अनिल धुर्वे (20) निवासी ढाकरवाड़ी थाना नवेगांव जिला छिंदवाड़ा को पुणे से गिरफ्तार किया है।

मामले में थाना बोरदेही में धारा 103(1), 238(क), 190, 191(2), 191(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

इस कार्रवाई में एसडीओपी एस.के. सिंह, थाना प्रभारी राधेश्याम बट्टी, एएसआई मिंतलाल धुर्वे, आरक्षक रोहन उईके, राधेश्याम कुमरे, रामकिशन नागोतिया, महिला आरक्षक आरती पवार तथा साइबर सेल से दीपेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button