Betul News : जिला अस्पताल में साढ़े चौदह वर्ष की सेवा के बाद डॉ. आनंद मालवीय ने दिया इस्तीफा
Betul News: Dr. Anand Malviya resigned after serving for fourteen and a half years in the district hospital.
Betul News : बैतूल जिला अस्पताल से एक अहम और अनुभवी चिकित्सक द्वारा अस्पताल छोड़ने की खबर सामने आई है। जिला अस्पताल में मेडिकल ऑफिसर एवं जिला क्षय अधिकारी (टीबी अधिकारी) के पद पर पदस्थ डॉ. आनंद मालवीय ने साढ़े चौदह वर्ष की सेवा के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे से न केवल अस्पताल प्रबंधन बल्कि मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों में भी मायूसी का माहौल है।
जिला अस्पताल से लगातार डॉक्टरों की कमी होना एक गंभीर समस्या बनती जा रही है। पहले से ही सीमित संख्या में कार्यरत डॉक्टरों के बीच बेहतर और सुचारु स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करना चुनौतीपूर्ण हो चुका है। ऐसे समय में डॉ. आनंद मालवीय जैसे अनुभवी, कर्तव्यनिष्ठ और मरीजों के प्रति संवेदनशील डॉक्टर का अस्पताल से इस्तीफा देने से स्वास्थ्य सेवाओं पर भी असर पड़ेगा।
डॉ. आनंद मालवीय अपने सरल, सहज और सहयोगी स्वभाव के लिए पूरे जिले में जाने जाते है। मरीजों से शालीन व्यवहार, समय पर उपचार और समस्याओं को गंभीरता से सुनना उनकी कार्यशैली की पहचान रही है। उन्होंने अपनी ड्यूटी का निर्वहन हमेशा पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ किया। चाहे सामान्य चिकित्सा सेवाएं हों या प्रशासनिक जिम्मेदारियां, डॉ. मालवीय ने हर मोर्चे पर अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई।
विशेष रूप से टीबी नियंत्रण कार्यक्रम के तहत डॉ. आनंद मालवीय का योगदान सराहनीय रहा है। उनके प्रयासों से जिले में टीबी मरीजों की पहचान, उपचार और फॉलोअप की व्यवस्था मजबूत हुई। जागरूकता अभियानों और नियमित मॉनिटरिंग के कारण टीबी मरीजों की संख्या में भी उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का मानना है कि टीबी उन्मूलन की दिशा में डॉ. मालवीय की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है।
उनके इस्तीफे के बाद जिला अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय नागरिकों और मरीजों ने भी उम्मीद जताई है कि शासन-प्रशासन जल्द से जल्द डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाएगा। डॉ. आनंद मालवीय की सेवा और योगदान को जिला अस्पताल और बैतूल जिला हमेशा याद रखेगा। जानकारी सामने आ रही है कि डॉक्टर मालवीय ने अपने निजी कारणों के चलते अस्पताल छोड़ा है।



