Betul News : शहर के दो मिठाई दुकान के गोदामों में गंदगी में बन रहीं थीं मिठाइयाँ, दीपावली से पहले खाद्य विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई से मचा हड़कंप

Betul News: Sweets were being made in filth in the warehouses of two sweet shops in the city; the Food Department's swift action before Diwali caused a stir.

Betul News : बैतूल में  दीपावली जैसे बड़े त्योहार से पहले मिलावटखोरों और लापरवाह मिठाई व्यापारियों पर खाद्य एवं औषधि विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार रात और शुक्रवार को एसडीएम के निर्देश पर विभागीय टीम ने शहर के दो नामचीन बीकानेर मिठाई महल और बीकानेर मिष्ठान भंडार  के गोदामों पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान दोनों ही जगहों पर गंदगी और अस्वच्छ माहौल में मिठाइयां बनती मिलीं। मौके पर अधिकारियों ने तुरंत मिठाई निर्माण कार्य बंद करवाते हुए संचालकों को फटकार लगाई और साफ-सफाई के सख्त निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार, खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने कोठी बाजार और गंज क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध मिठाई दुकानों बीकानेर मिठाई महल और बीकानेर मिष्ठान भंडार के गोदामों में निरीक्षण किया। छापे के दौरान यह देखकर अधिकारी दंग रह गए कि जहां मिठाइयां तैयार की जा रही थीं, वहीं आसपास कचरा, कॉकरोच और गंदगी का अंबार लगा था। मिठाई बनाने के बर्तन और उपकरण भी अस्वच्छ अवस्था में मिले। स्वच्छता के मानकों की इस खुली अनदेखी पर अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई की और गोदामों को अस्थायी रूप से बंद करवा दिया।

सफाई के बाद मिली दोबारा अनुमति
शुक्रवार सुबह तहसीलदार और खाद्य विभाग की टीम ने फिर से दोनों गोदामों का निरीक्षण किया। सफाई व्यवस्था सुधारने के बाद अधिकारियों ने हालात सामान्य पाए और सीमित मात्रा में मिठाई निर्माण की अनुमति पुनः जारी की।

दो दुकानों से लिये गये 12 सैंपल
खाद्य निरीक्षक संदीप पाटिल ने बताया कि दोनों दुकानों से छह-छह मिठाइयों के सैंपल लेकर जांच के लिए राज्य स्तरीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद यह तय होगा कि मिठाइयों में मिलावट की गई थी या नहीं। उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे त्योहारों में मांग बढ़ने से कुछ व्यापारी मुनाफे के लालच में मिलावटी सामग्री का उपयोग करते हैं, इसलिए विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।

पूरे जिले में जारी रहेगा अभियान
पाटिल ने कहा कि पूरे त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच लगातार जारी रहेगी। जहां भी मिलावट, गंदगी या नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद शहर के मिठाई व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। कई दुकानदार अब अपने गोदामों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने में जुट गए हैं। प्रशासन ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि मिठाई खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और निर्माण तिथि अवश्य जांचें।

त्योहारों पर बढ़ती मिठाइयों की मांग के बीच विभाग की यह कार्रवाई उपभोक्ताओं की सेहत की दृष्टि से बेहद अहम मानी जा रही है। अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि स्वच्छता और खाद्य गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

इनका कहना है…
“मिठाई के दो गोदामों में गंदगी मिली थी। साफ-सफाई के बाद फिर से मिठाई बनाने की अनुमति दी गई है। दुकानों से जांच के लिए सैंपल भी लिए गए हैं।”
— संदीप पाटिल, निरीक्षक, खाद्य एवं औषधि विभाग, बैतूल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button