Betul Today News: आधी रात में होती है तंत्र क्रिया, महिलाओं की आती है चिल्लाने की आवाज, शिकायत पर पहुँची पुलिस
Betul Today News: Tantra Kriya takes place at midnight, women are heard screaming, police reached on complaint
Betul Today News: बैतूल जिले के बैतूलबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम खड़ला में कुछ तांत्रिकों द्वारा तंत्र क्रिया करने और रात 12 बजे गांव में महिलाओं के चिल्लाने की आवाज से कई ग्रामीण भयभीत है। संदिग्ध गतिविधियां की जानकारियां मिलने पर राष्ट्रीय हिन्दू सेना की शिकायत पर पुलिस रात में ही गांव पहुंची और उन्होंने गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। पुलिस के पहुंचने के पहले ही तांत्रिक मौके से फरार हो गए। रात में ही गांव में हंगामा शुरू हो गया। पुलिस की समझाईश के बाद पूरा मामला शांत हुआ है। राष्ट्रीय हिन्दू सेना ने तांत्रिकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
राष्ट्रीय हिन्दू सेना के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय ने बताया कि बैतूल के नजदीक 8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित गांव खड़ला मं एक विशेष समुदाय के तांत्रिकों द्वारा संदिग्ध गतिविधियां की सूचना ग्रामवासियों से प्राप्त हुई थी। जिसको लेकर संगठन ने बैतूल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी को ज्ञापन के माध्यम से इसकी सूचना दी गई थी। सूचना के बाद पुलिस अधिकारियों के साथ पहुंचकर जांच करवाई गई हैं। गांव में तंत्र-मंत्र की गतिविधि से दहशत है।
बैतूल बाजार थाना प्रभारी बबिता धुर्वे ने बताया कि सूचना के आधार पर ग्राम खड़ला में पुलिस ने पहुंचकर जानकारी ली। जिसमें पता चला कि ग्रामीण सुखराम के घर एक धर्म विशेष की गादी बनी पाई गई। यहां ग्रामीण के घर बीमार परिजन का इलाज चल रहा था। जिन्हें आराम होने पर वे वहां पूजा पाठ कर रहे थे। इस पर लोगों को समझाइश दी गई है। इधर संगठन के प्रदेश संयोजक पवन मालवीय ने बताया कि गांव खड़ला के सुखराम पडोले के घर के कुछ तांत्रिक बाबा बैतूल व महाराष्ट्र से आते और बाबा के संपर्क से सैकड़ों लोग गुरुवार, शुक्रवार गांव खड़ला पहुंचते हैं। जहां रात के समय 9 बजे के बाद यह लोगों का आना शुरू होता है। जो रात्रि 2 बजे तक आना जाने लगा रहता है। यहां स्थानीय लोगों के अलावा बैतूल जिले व महाराष्ट्र के भी लोग पहुंचते हैं, जिससे गांव में एक भय का माहौल व्याप्त हैै। राष्ट्रीय हिन्दू सेना के कार्यकर्ताओं का कहना है कि इन तांत्रिकों द्वारा कुछ हिन्दू धर्म के लोगों को मंदिर में पूजा पाठ न करने और रक्षा सूत्र न बांधने के लिए कहा जा रहा था। जिसके कारण कई हिन्दू धर्म के लोगों ने मंदिर जाकर पूजा अर्चना करना छोड़ दिया था। तांत्रिकों द्वारा झाड़फूंक कर मरीजों को ठीक करने का दावा किया जा रहा है।
इनका कहना…
थाना क्षेत्र के ग्राम खड़ला में तांत्रिकों द्वारा तांत्रिक क्रिया करने से कई लोग भयभीत थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाईश दी गई कि वह इस तरह की तांत्रिक क्रियाओं को बंद करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
बबीता धुर्वे, थाना प्रभारी, बैतूलबाजार
तांत्रिक झाड़फूंक के नाम पर हिन्दू समुदाय के लोगों को बरगलाने का काम करते है। तांत्रिक के पास जाने वाले लोगों को पूजा पाठ करने से मना किया जाता है। हमें इसकी शिकायत पुलिस से की है। तांत्रिकों से कई गांव के लोग परेशान है।
दीपक मालवीय प्रदेश अध्यक्ष राष्ट्रीय हिन्दू सेना बैतूल




