Betul Crime News Today: आदिवासी भाजपा पार्षद का घर जलाने का प्रयास, विनोबा वार्ड में जलाएं भाजपा के पोस्टर
Betul Crime News Today: Attempt to burn the house of tribal BJP councilor, burn BJP posters in Vinoba Ward
Betul Crime News Today: आदिवासी भाजपा पार्षद का घर जलाने का प्रयास – विनोबा वार्ड में जलाए भाजपा के पोस्टर, घटना से गरमाई राजनीति। बैतूल। शहर में आदिवासी भाजपा पार्षद का घर जलाने का प्रयास और भाजपा के पोस्टर जलाने की घटना से राजनीति गरमा गई है। भाजपाईयों ने इसकी शिकायत गंज थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मंगलवार की रात को असामाजिक तत्वों ने जवाहर वार्ड के भाजपा आदिवासी पार्षद का घर जलाने का प्रयास किया है। गनीमत यह रही कि आग घर में नहीं फैली, घर के सामने रखे सामान में ही आग लगाई गई। घर के सामने आग लगते देख पार्षद और उसके परिवार के लोग जागे और तत्काल आग बुझाई गई। यहां एक बड़ा हादसा होने से टल गया। समय रहते परिजन नींद से नहीं जागते तो आग घर को भी अपनी चपेट में ले लेती। पार्षद विकास प्रधान ने बताया कि किसी अज्ञात शरारती तत्वों ने रात लगभग 2 से 3 बजे के बीच आग लगाई है। दीपावली पर्व पर घर की साफ-सफाई की गई थी, कुछ सामान घर के सामने रखा था। आगजनी के कारण सामान जलकर खाक हो गया है। जवाहर वार्ड के अलावा विनोबा वार्ड में भी भाजपा प्रत्याशी के फ्लेक्स जलाने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि एक निजी स्कूल के पास भाजपा प्रत्याशी हेमंत खंडेलवाल का फ्लेक्स लगाया गया था। रात के समय अज्ञात शरारती तत्वों ने फ्लेक्स को आग के हवाले कर दिया। एक ही रात में हुई दो जगह आगजनी की घटना से शहर में राजनीति गरमा गई है। जवाहर वार्ड के पार्षद विकास प्रधान ने घर के सामने की गई आगजनी की घटना की शिकायत गंज थाने में दर्ज कराई है। गंज थाना प्रभारी देवकरण देहरिया ने बताया कि पार्षद की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गरमाई राजनीति भाजपा पार्षद के घर आगजनी और भाजपा प्रत्याशी के पोस्टर जलाने की घटना के बाद राजनीति गरमा गई है। भाजपा के मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा ने फेसबुक पर लिखा है कि बैतूल सौहार्दपूर्ण माहौल चुनाव करते आया है किंतु इस बार राजनीति बहुत ही स्तरहीन हो गई है। जवाहर वार्ड के आदिवासी पार्षद के घर आगजनी और विनोबा वार्ड में फ्लेक्स जलाए गए यह निंदनीय घटना है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यह किस तरह की राजनीति है, जो इस तरह की हरकत कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भाजपाई फ्लेक्स जलाने की घटना को लेकर विरोध जता रहे हैं और पुलिस से फ्लेक्स जलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।
इनका कहना –
शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से घटना की जांच की जा रही है। –
देवकरण देहरिया, थाना प्रभारी गंज बैतूल।


