MP: विदिशा में 7 वर्षीय बच्चा बोरवेल में गिरा: एनडीआरएफ की टीम रेस्क्यू में जुटी
मध्यप्रदेश में बोरवेल में बच्चों के गिरने ज की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। बोरवेल में गिरने से कई बच्चों की मौत भी हो चुकी है। बोरवेल में बच्चे के गिरने का ताजा मामला विदिशा जिले का सामने आया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को 7 वर्षीय लोकेश अहिरवार बोरवेल में गिर गया है। बच्चा 43 फीट पर फंसा है। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम बचाव कार्य में जुटी है। बोरवेल 60 फीट गहरा है। बोर के पास 4 जेसीबी से 45 फीट गहरा पैरेलल गड्ढा खोदा जा रहा है। बच्चे तक ऑक्सीजन सप्लाई सतत रूप से की जा रही है। कैमरे की सहायता से बच्चे पर नजर रखी जा रही है। पूरा प्रशासनिक अमला बच्चे को बाहर निकालने में लगा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।



