Betul: हायर सेकेंडरी के इंग्लिश प्रश्न पत्र में पकड़े 2 नकलची: 504 विद्यार्थी रहे अनुपस्थित

Madhyamik Shiksha Mandal
बैतूल। जिले के 116 परीक्षा केन्द्रों पर आज कक्षा 12वीं के विद्यार्थी अंग्रेजी का प्रश्रपत्र देने पहुंचे। चाक चौबंद व्यवस्थाओं के बीच विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। प्रात: 9 से दोपहर 12 बजे तक आयोजित परीक्षा के दौरान जिला स्तरीय उडऩदस्ते ने करीब दस परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया। दो नकल प्रकरण जिला स्तरीय उडऩदस्ते द्वारा बनाए गए।
जिला शिक्षा अधिकारी अनिल सिंह कुशवाह से प्राप्त जानकारी के अनुसार हायर सेकेंडरी प्रमाण पत्र परीक्षा कक्षा 12वीं में अंग्रेजी विषय के प्रश्न पत्र में उडऩ दस्तों के द्वारा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला स्तरीय उडऩ दस्ते द्वारा शासकीय उमावि पाढर में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर एक एवं शासकीय बालक उमावि शाहपुर में स्वाध्यायी परीक्षार्थियों के लिए बनाए गए परीक्षा केंद्र पर एक अनुचित साधन अपनाए जाने के प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। विकासखंड स्तरीय निरीक्षण दलों द्वारा भी सघनता से केंद्रों का निरीक्षण किया गया। श्री कुशवाह ने बताया कि अंग्रेजी विषय के प्रश्नपत्र में 19470 बच्चों को परीक्षा में सम्मिलित होना था, 504 परीक्षार्थियों के अनुपस्थित रहने से 18966 परीक्षार्थी, परीक्षा में सम्मिलित हुए। उडऩ दस्तों द्वारा परीक्षा केंद्रों पर शांति पूर्वक एवं व्यवस्थित परीक्षा संचालन की जानकारी प्रदान की गई है। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील केंद्रों पर मुख्य विषयों की परीक्षा के दौरान प्रेक्षकों की भी व्यवस्था की गई है, जिले में निर्देशित सभी केंद्रों पर आज के प्रश्न पत्र के दौरान प्रेक्षक भी उपस्थित रहे। सोमवार 6 मार्च को हायर सेकेंडरी प्रमाण पत्र परीक्षा अंतर्गत भौतिक शास्त्र, अर्थशास्त्र, विज्ञान के तत्व इत्यादि वैकल्पिक विषयों की परीक्षा संपन्न होगी।



