वैलेंटाइन डे पर महंगा गिफ्ट नहीं देने से प्रेमिका नाराज: प्रेमी ने पिस्टल की नोक पर लुटे डेढ़ लाख रुपए
देवास में ‘वेलेंटाइन डे’ पर गिफ्ट नहीं मिलने से गर्लफ्रेंड नाराज हो गई। इसी के बाद प्रेमी ने 4 साथियों के साथ लूट की साजिश रची और एक निजी कंपनी के कर्मचारी का पीछा किया। फिर चाकू और पिस्टल की नोक पर 1 लाख 60 हजार रुपए की लूट को अंजाम दिया। 17 फरवरी को हुई इस लूट की वारदात का खुलासा देवास पुलिस ने कर दिया है। वारदात को अंजाम देने वाले कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से बाइक, हथियार, मोबाइक और नकदी बरामद की गई है।
इस लूट की मुख्य वजह यह सामने आई है कि आरोपी अपनी गर्लफ्रेंड को ‘वेलेंटाइन डे’ पर महंगा गिफ्ट नहीं दे पाया, इससे वह नाराज हो गई थीं। इसी के चलते आरोपी को पैसों की आवश्यकता लग रही थी और उसने लूट की प्लानिंग बनाई। अपने 4 साथियों के साथ इसे अंजाम दिया। आरोपियों को टेटू बनवाने का शौक भी था। लूट के बाद आरोपियों ने अपने शरीर पर टेटू बनवाए थे। पुलिस ने मुख्य आरोपी आशीष पिता उमाशंकर तिवारी उम्र 18 निवासी ईडब्लयूएस 90 मुखर्जी नगर, पार्थ पिता प्रवीण उम्र 18 निवासी 103 नावेल्टी चौराहा, देवेंद्र सिंह पिता हिम्मत सिंह बैस उम्र 18 निवासी विजय नगर सहित 2 अन्य नाबालिगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 50 हजार रुपए नगद, एक मोबाइल और 2 बाइक सहित एक पिस्टल बरामद की है। इनकी कीमत लगभग 3 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को महंगी गाड़ियां रखने का शौक भी है, हालांकि ये आरोपियों मध्यमवर्गीय परिवार से हैं।
(News source- dainik bhaskar)



