Betul: हाथ मलते रह गए पूर्व मंत्री, 3 समर्थक पार्षदों को कांग्रेस से किया निष्कासित

बैतूल।इन दिनों कांग्रेस में सब कुछ अच्छा नही चल रहा है। एक दूसरे को डेमेज करने शह मात का खेल जारी है। पूर्व कैबिनेट मंत्री और मुलताई विधायक सुखदेव पांसे के 3 समर्थक पार्षदों को कांग्रेस से निष्कासित कर दिया गया है। पूर्व मंत्री अपने क़रीबियों पर कार्यवाही करने से नही बचा पाए है। जिससे ऐसा लग रहा है को कांग्रेस में अब पूर्व मंत्री का बोलबाला कम हो गया है।
प्रदेश कांग्रेस की इस कार्यवाही से जिले की राजनीति में हलचल मची हुई है। जिले की आठनेर नगर परिषद के तीन कांग्रेस पार्षदों को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। इनमें रीता प्रदीप झोड़, रंजीता परेश मगरदे और प्रियंका सुनील राठौर शामिल हैं। तीनों पर आठनेर नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में क्रास वोटिंग करने का आरोप लगाया गया था।
प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष और संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने पार्षदों को भेजे गए निष्कासन पत्र में कहा है कि नगर परिषद आठनेर के अध्यक्ष पद के चुनाव में पार्टी के अध्यक्ष पद के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ आपके द्वारा क्रास वोटिंग की गई थी। उक्त संबंध में आपसे स्पष्टीकरण चाहा गया था। जो प्रदेश कांग्रेस कमेटी को समय पर प्राप्त नहीं हुआ है। इसलिए आपको कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छः साल के लिए निष्कासित किया जाता है। दरअसल 15 पार्षदों वाली आठनेर नगर परिषद के चुनाव में भाजपा के 9, कांग्रेस के 5 और एक निर्दलीय पार्षद जीते थे। कांग्रेस ने अध्यक्ष पद के लिए सारिका माथनकर को मैदान में उतारा था और भाजपा ने सुषमा जगताप को अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया था।
मतदान के बाद भाजपा उम्मीदवार सुषमा को 13 वोट मिल गए जबकि भाजपा के पास मात्र 9 पार्षद थे। कांग्रेस की सारिका माथनकर को मात्र 2 वोट ही मिल पाए थे। उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा के विनय जीतपुरे को 13 वोट मिल गए थे और कांग्रेस की प्रियंका राठौर 2 ही वोट हासिल कर पाईं थी। क्रास वोटिंग को लेकर चुनाव के प्रभारी द्वारा शिकायत की गई थी। इसे गंभीरता से लेते हुए पार्टी ने आखिर पहले नोटिस थमाया और अब तीनों को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया है। यह तीनों निष्कासित पार्षद पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री पांसे गुट के है।

पांसे समर्थक भूषण कांति को हटाया
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को पांसे समर्थक आईटी सेल के जिलाध्यक्ष भूषण कांति की शिकायत कर दी। सूत्रों की माने तो इस शिकायत का तानाबाना क्या था यह तो पता नहीं चला, लेकिन इसमें भूषण द्वारा केवल सुखदेव पांसे का सोशल मीडिया का प्रचार प्रसार करने का उल्लेख किया गया है। इस शिकायत पर कांग्रेस आईटी सेल के प्रदेश अध्यक्ष अभय तिवारी ने भूषण को पद से हटाने के आदेश जारी कर दिए। सूत्र बताते है कि भूषण को हटाने के लिए पीसीसी चीफ कमलनाथ को शिकायत भेजी थी। उनके निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष आईटी सेल के जिलाध्यक्ष को पद से हटाया।



