Betul Cyber Fraud : कैम्पा कोला की फर्जी डिस्ट्रीब्यूटरशिप के नाम पर लाखों की ठगी, बैतूल पुलिस ने जारी किया अलर्ट
Betul Cyber Fraud: Lakhs of rupees defrauded in the name of fake Campa Cola distributorship, Betul police issued alert
Betul Cyber Fraud: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर कैम्पा कोला की फर्जी डिस्ट्रीब्यूटरशिप का लालच देकर युवक से 1 लाख 28 हजार 560 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली गई। मामले के सामने आने के बाद बैतूल पुलिस ने आम जनता से सोशल मीडिया पर चल रहे फर्जी ऑफर्स और विज्ञापनों से सतर्क रहने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार थाना चोपना क्षेत्र के ग्राम कोल्हिया निवासी राजेश विश्वास के भाई मुकेश ने 12 मई 2026 को इंस्टाग्राम पर “रिलायंस कैम्पा कोला” की सस्ती डिस्ट्रीब्यूटरशिप और फ्री फ्रिज देने का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने पर आरोपियों ने खुद को कंपनी का डीलर बताते हुए भरोसे में लिया और अलग-अलग बहानों से पैसे ट्रांसफर करवाने शुरू कर दिए।
ठगों ने पहले गाड़ी अरेंज करने के नाम पर 10 हजार रुपये लिए। इसके बाद गाड़ी लोडिंग और माल निकलवाने के नाम पर कोटक महिंद्रा बैंक खाते में 36 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए। फिर रिफंडेबल रजिस्ट्रेशन फीस बताकर पंजाब नेशनल बैंक खाते पर 25 हजार 500 रुपये जमा कराए गए। इसके बाद ई-वे बिल और फुल पेमेंट के नाम पर 31 हजार 560 रुपये तथा फिर 25 हजार 500 रुपये और ऐंठ लिए गए।
इस तरह आरोपियों ने युवक से कुल 1 लाख 28 हजार 560 रुपये की धोखाधड़ी कर ली। मामले में थाना चोपना में मोबाइल नंबर 8269414694 और 8383049291 सहित संबंधित बैंक खाताधारकों के खिलाफ अपराध क्रमांक 69/26 के तहत धारा 318(4) एवं 319(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने जारी की चेतावनी
बैतूल पुलिस ने कहा है कि इन दिनों साइबर अपराधी रिलायंस कैम्पा कोला, अमूल, पारले जैसी बड़ी कंपनियों के नाम पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फर्जी विज्ञापन चलाकर लोगों को डिस्ट्रीब्यूटरशिप और आकर्षक ऑफर्स का लालच दे रहे हैं। ऐसे मामलों में नागरिकों को बेहद सतर्क रहने की जरूरत है।
पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि किसी भी कंपनी की फ्रेंचाइज़ी या डीलरशिप लेने से पहले उसकी आधिकारिक वेबसाइट और कॉर्पोरेट कार्यालय से जानकारी अवश्य प्राप्त करें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर QR कोड, बैंक खाते या ऑनलाइन माध्यम से अग्रिम भुगतान न करें। यदि कोई व्यक्ति फोन पर दबाव बनाकर तुरंत पैसे ट्रांसफर करने को कहे तो तुरंत सावधान हो जाएं।
ठगी होने पर तुरंत करें यह काम
यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत करें और नजदीकी थाना या साइबर सेल को तत्काल सूचना दें।



