Betul Crime News : एकतरफा प्रेम में युवती की गला घोंटकर हत्या, झल्लार पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा धमकी, कॉल डिटेल और पोस्टमार्टम से टूटा “जहर” का झूठा दावा, आरोपी गिरफ्तार
Betul Crime News: A young woman was strangled to death due to one-sided love, Jhallar police made a sensational disclosure, threats, call details and post-mortem broke the false claim of “poison”, the accused was arrested.
Betul Crime News : बैतूल जिले के थाना झल्लार पुलिस ने एक गंभीर और संवेदनशील हत्या प्रकरण का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रारंभ में जहर सेवन से मौत का मामला सामने आया था, लेकिन गहराई से की गई विवेचना में यह स्पष्ट हो गया कि युवती की निर्मम हत्या की गई थी।
पुलिस के अनुसार 28 जनवरी 2026 को सूचना मिली कि ग्राम बासनेर खुर्द निवासी युवती देवी धोटे, पिता राजेश धोटे, की जहरीले पदार्थ के सेवन से मृत्यु हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग क्रमांक 194 बीएनएसएस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
संदेह से खुलासा तक
मर्ग जांच के दौरान मृतिका के परिजनों ने गांव के ही राहुल पिता साहेबराव धोटे पर गंभीर संदेह जताया। परिजनों के बयान, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के विश्लेषण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 11/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच में सामने आए चौंकाने वाले तथ्य
विवेचना के दौरान मृतिका के पिता राजेश धोटे, माता बाली धोटे, दादा किसनाजी धोटे एवं स्वतंत्र साक्षी दिनेश सोनारे के कथन दर्ज किए गए। गवाहों ने बताया कि घटना के दिन देवी बकरी चराने गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। तलाश के दौरान उसका शव मनोज घानेकर के खेत में मिला।
शव परीक्षण के दौरान मृतिका के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। गाल और पैर की त्वचा उखड़ी हुई थी तथा गले पर खरोंच के स्पष्ट निशान मौजूद थे, जो संघर्ष की ओर इशारा कर रहे थे।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी राहुल धोटे ने घटना से दो दिन पहले मृतिका के माता-पिता को धमकी दी थी कि यदि देवी की शादी उससे नहीं कराई गई तो वह उसे सल्फास खिलाकर मार देगा। घटना के दिन आरोपी को मृतिका के घर के आसपास घूमते हुए देखा गया और उसकी मोबाइल लोकेशन भी घटनास्थल पर ही पाई गई।
पोस्टमार्टम ने खोल दी हत्या की परत
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक ने मृत्यु का कारण कंठिका अस्थि (हायॉइड बोन) का फ्रैक्चर, श्वास अवरोध (गला घोंटना) एवं छोटी आंत में छिद्रन से उत्पन्न जटिलताएं बताया। रिपोर्ट से यह साफ हो गया कि यह आत्महत्या या जहर सेवन का मामला नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है।
आरोपी गिरफ्तार, हत्या कबूली
पुलिस ने आरोपी राहुल पिता साहेबराव धोटे (उम्र 25 वर्ष), निवासी बासनेर खुर्द को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने एकतरफा प्रेम में असफल होने के कारण हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जप्त की गई। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक आबिद अंसारी (सीन ऑफ क्राइम मो. यूनिट), थाना प्रभारी उप निरीक्षक वहीद खान, सउनि दिलीप टांडेकर, आर. 669 हर्षवर्धन पवार, म.आर. 449 उमा जावलकर, सै. 195 अमित एवं साइबर सेल से आर. राजेन्द्र धाडसे की भूमिका सराहनीय रही।
एसपी ने की प्रशंसा
पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन ने इस गंभीर प्रकरण में त्वरित, तकनीकी और साक्ष्य-आधारित विवेचना कर आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम की खुले तौर पर प्रशंसा की और उनके कार्य को सराहनीय बताया।



