Betul News : एसआईआर में उत्कृष्ट कार्य के लिए बैतूल कलेक्टर को राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने किया सम्मानित
Betul News: Betul Collector honored by Governor Mangubhai Patel for excellent work in SIR
Betul News : ;राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बैतूल कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)–2026 में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया।
कार्यक्रम में राज्यपाल पटेल ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी बैतूल एवं संयुक्त कलेक्टर मकसूद अहमद, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम आमला श्री शैलेंद्र बड़ोनिया तथा बीएलओ सुपरवाइजर श्री रामप्रसाद पाल को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया।
इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भोपाल श्री संजीव कुमार झा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान–2026 के अंतर्गत मतदाताओं के डिजिटाइजेशन कार्य को प्रभावी ढंग से पूर्ण करते हुए बैतूल जिले ने प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं आमला विधानसभा प्रदेश की पहली ऐसी विधानसभा बनी, जहाँ मतदाताओं का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन सबसे पहले पूर्ण किया गया।
कलेक्टर सूर्यवंशी के सतत मार्गदर्शन, नियमित मॉनिटरिंग एवं समीक्षा के साथ-साथ उप जिला निर्वाचन अधिकारी, समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, सहायक बीएलओ तथा निर्वाचन कार्य में संलग्न समस्त अमले की कड़ी मेहनत और तत्परता से यह उल्लेखनीय उपलब्धि संभव हो सकी।
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का कैलेंडर घोषित होते ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चरणबद्ध एवं समयबद्ध तरीके से समन्वित प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप बीएलओ एप के माध्यम से मतदाताओं का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। इससे जिले में गणना पत्रकों का संधारण बिना किसी कठिनाई के सुनिश्चित हो सका।



