MP News : बिजली सप्लाई के विवादित सर्क्यूलर को किया निरस्त, सीएम ने चीफ इंजीनियर को हटाया, किसानों को इतने घंटे मिलेगी बिजली
MP News: Controversial circular on electricity supply revoked, CM removes chief engineer, farmers will get electricity for this many hours

MP News : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि किसानों का हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश सरकार अन्नदाताओं के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को हर स्थिति में 10 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को जारी अपने संदेश में कहा कि जिस विवादित सर्क्यूलर को लेकर जनसामान्य में गलतफहमी पैदा हुई थी, उसे तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। साथ ही, उस सर्क्यूलर से संबंधित मुख्य अभियंता (चीफ इंजीनियर) को भी तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया गया है।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में एक संवेदनशील और किसान हितैषी सरकार कार्यरत है, जो किसानों के समग्र विकास और उत्थान के लिए निरंतर महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति से जुड़े इस विवादित सर्क्यूलर को न केवल रद्द किया गया है बल्कि इसे जारी करने वाले अधिकारी के खिलाफ विधि अनुसार कार्रवाई भी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने किसानों को आश्वस्त किया कि सरकार उनके साथ है और उनके हितों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य किसानों को पर्याप्त बिजली, सिंचाई के साधन, और कृषि से संबंधित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी बाधा के उत्पादन कार्य कर सकें।


