Betul Today News: बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के प्रयासों से ठानी जलाशय के मरम्मत के लिए 31.44 लाख स्वीकृत
Betul Today News: Due to the efforts of Betul MLA Hemant Khandelwal, 31.44 lakhs approved for the repair of Thani reservoir

Betul Today News: बैतूल आठनेर विकासखण्ड अंतर्गत ठानी ग्राम में स्थित जल संसाधन विभाग के जलाशय की नहर के द्वार(स्लूज) से वर्षो से हो रहे पानी के रिसाव के कारण ठानी और धनोरी के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा था। बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल के विशेष प्रयासों से जल संसाधन विभाग म.प्र द्वारा ठानी जलाशय के स्लूज निर्माण,बाॅध पर मिट्टी कार्य सुधार एवं विशेष मरम्मत के लिए 31 लाख 44 हजार रुपये स्वीकृत किये है। बैतूल विधायक की माॅग पर प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट द्वारा विभागीय अफसरों को ठानी जलाशय की विशेष मरम्मत के लिए आवश्यक राशि स्वीकृत करने के लिए आदेशित किया था। जल संसाधन मंत्री के आदेश के परिपालन में मध्यप्रदेश शासन जल संसाधन विभाग के अवर सचिव नें ठानी जलाशय की विशेष मरम्मत के लिए 31.44 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। उक्त राशि से जलाशय के स्लूज निर्माण एवं विशेष मरम्मत होने के बाद ठानी व धनोरी के किसानों को सिंचाई के लिए भरपूर पानी मिलेगा।
लीकेज से स्टोर नहीं हो रहा था पानी
उल्लेखनीय है कि आठनेर विकासखण्ड के ठानी ग्राम में जल संसाधन विभाग द्वारा लगभग 30 वर्ष पूर्व निर्मित जलाशय की नहर का स्लूज क्षतिग्रस्त होनें के कारण लगातार रिसाव के चलते जलाशय में क्षमता के मुताबिक जल भराव नहीं हो पा रहा था। परिणाम स्वरूप किसानों को रबी सीजन में ठानी जलाशय से सिंचाई के लिए तीन की बजाये दो पानी ही मिल पाते थे। सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिलनें से उत्पादन प्रभावित हो रहा था।
किसान वर्षो से कर रहे थे मरम्मत की माॅग
उल्लेखनीय है कि जल संसाधन विभाग द्वारा आठनेर विकासखण्ड के ठानी ग्राम में वर्ष 1980-82 के दौरान बनाये गये ठानी जलाशय से ठानी एवं धनोरी ग्राम के लगभग 80 किसानों को 120 हेक्टेयर में सिंचाई की सुविधा मिल रही थी। ठानी के किसान गौरीशंकर पाटनकर एवं धनोरी के कृषक संतोष चढ़ोकार नें बताया कि बीते कुछ वर्षो से डैम में लीकेज होने एवं डैम के क्षतिग्रस्त होनें से पर्याप्त जल भराव नहीं होनें के चलते रबी सीजन में किसानों को सिंचाई के लिए तीन की बजाये दो पानी ही मिल पा रहे थे। सिंचाई सुविधा कम होनें से साल दर साल गेंहू का रकबा कम हो रहा था। ठानी डैम से लाभान्वित होनें वाले किसानों द्वारा वर्षो से जलाशय की मरम्मत करवानें की माॅग की जा रही थी। ठानी-धनोरी के किसानों दीपक गणेशे, मुन्ना गणेशे ,कुसना चढ़ोकार,संदीप पडलक, जगन्नाथ देशमुख नें बताया कि सभी किसानों नें बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल को सिंचाई सुविधा के लिए ठानी डैम की मरम्मत करवानें की माॅग की थी। बैतूल विधायक द्वारा किसानों की माॅग को गंभीरता से लेकर डैम की विशेष मरम्मत के लिए राशि स्वीकृत करवाने का आश्वासन किसानों को दिया था।
विशेष मरम्मत के बाद सिंचाई के लिए मिलेगे तीन पानी
ठानी-धनोरी के किसानों की ठानी जलाशय की मरम्मत करवानें की माॅग को गंभीरता से लेकर बैतूल विधायक श्री खण्डेलवाल नें प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट को किसान हितैषी माॅग से अवगत कराया था। बैतूल विधायक द्वारा किये गये सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप जल संसाधन विभाग द्वारा ठानी जलाशय के स्लूज निर्माण,बाॅध पर मिट्टी कार्य सुधार और विशेष मरम्मत के लिए 31 लाख 44 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। उक्त राशि से जल संसाधन विभाग द्वारा ठानी जलाशय की विशेष मरम्मत करवाई जायेगी। जिसके बाद जलाशय में क्षमता के मुताबिक पानी का संग्रहण होनें से किसानों को रबी सीजन में सिंचाई के लिए तीन पानी मिलनें लगेगें। ठानी जलाशय की मरम्मत के लिए राशि स्वीकृत होनें पर ठानी और धनोरी के किसानों व ग्रामीणों द्वारा बैतूल विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया है।



