Betul Online Fraud News: सलवार सूट के आर्डर के बहाने टेलर से सायबर ठगी, 29 हजार की लगी चपत

Betul Online Fraud News: Cyber ​​fraud from tailor on the pretext of ordering salwar suit, defrauded of Rs 29 thousand

File photo

Betul Online Fraud News: बैतूल। पुलिस प्रशासन द्वारा बार बार जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद सायबर ठगी के मामले कम नहीं हो रहे बल्कि बढ़ते जा रहे हैं। सायबर ठग लोगों को झांसा देकर खून पसीने की गाड़ी कमाई एक झटके में दूसरे खाते में ट्रांसफर कर ले रहे हैं। ऐसा ही मामला बुधवार दोपहर थाना रोड   में सामने आया, जहां सायबर ठगों ने सलवार सूट सिलने वाले टेलर मास्टर रविकांत उर्फ मंटू उपासे को अपना शिकार बना लिया और दो खातों से 29 हजार रुपये ऑनलाइन पार कर दिए। जब अपने ठगे जाने का आभास टेलर मास्टर को हुआ मास्टर टेंशन में आ गए और इसकी शिकायत सायबर थाने में दर्ज कराए जाने के बाद बैंक को भी सूचित किया गया।

आर्मी का नाम से की गई ठगी
पूरे मामले को लेकर पीडि़त रविकांत उपासे ने बताया कि बुधवार लगभग 12 बजे उनके पास मोबाइल नम्बर 6266314197 से कॉल आया जिसमे बताया गया कि वे आर्मी केम्प से बोल रहे हैं उन्हें 25 जोड़ी सलवार सूट सिलवाना है। बाकायदा सलवार सूट की डिजाइन भी टेलर मास्टर के वाट्स एप पर सेंड किया गया। कहा गया कि आधा पेमेंट एडवांस में किया जाएगा । पीडि़त ने बताया कि इसके लिए उन्हें एक वीजा कार्ड भी वाट्सएप पर भेजा गया था। मेरे एकाउंट में पैसा डालने का झांसा देकर मेरे ही अकाउंट से 29 हजार रुपये निकाल लिए गए। जिसकी शिकायत सायबर थाने में दर्ज कराई गई है।
वीडियो कॉल पर आर्मी की ड्रेस में दिखे ठग
सायबर ठग इतने शातिराना अंदाज में ठगी को अंजाम दे रहे हैं कि लोग भी बड़ी आसानी से इनके झांसे में आकर ठगी का शिकार हो रहे हैं। पीडि़त ने बताया कि इस दौरान ठगों ने उन्हें दस से बारह कॉल किये एक बार वीडियो काल भी किया गया जिसमें बात करने वाला व्यक्ति आर्मी की ड्रेस पहना हुआ दिख रहा था। जिसके बाद उन्हें ऐसा नहीं लगा था कि, इस तरह से हम ठगी के शिकार हो जाएंगे। पीडि़त ने बताया कि उन्होंने इसकी सूचना बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों को भी दी है। अधिकारियों ने क्लेम फार्म पर हस्ताक्षर करवाकर भरोसा दिया है कि ठगी गयी रकम वापस लाने की हर सम्भव कोशिश की जाएगी।
ऐसे कॉल्स से सावधान रहें लोग
ऑनलाइन ठगी के शिकार होने की यह पहली घटना नहीं है। पिछले कुछ दिनों में इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं जहां सेक्सुअल एक्सटॉर्शन सहित ऑनलाइन ठगी के जरिये लोग अपनी जमा राशि से हाथ धो चुके हैं, लेकिन आश्चर्य इस बात का है कि आखिर लोग जागरूकता का परिचय क्यों नहीं दे पा रहे हैं। सायबर प्रभारी  कविता नागवंशी ने बताया कि, लोगो को जागरूक करने के लिए समय समय पर पुलिस विभाग द्वारा बकायदा अभियान चलाया जाते हैं, लेकिन मामले हैं कि बढ़ते ही जा रहे हैं। सबसे पहले तो लोगो को यह जानने की जरूरत है कि इस तरह के किसी भी कॉल के आने पर पहले इस बात की पूरी तसल्ली कर ली जाए कि कहीं वे ठगी का शिकार तो नहीं हो रहे। पर्याप्त जांच पड़ताल और सलाह मशविरे के बाद ही यदि कदम आगे बढ़ाए जाते हैं तो काफी हद तक इस तरह के मामलों में कमी आएगी। लोगों से पुलिस विभाग की अपील है कि, किसी भी अनजान कॉल पर विश्वास कर ठगों के झांसे में आने से अपने आप को बचाने के प्रयास किये जायें।

Related Articles

Back to top button