Betul Crime News : अपहत युवती को गन्नाबॉडी में छुपाकर रखा था, दबिश देकर एक गाँव से किया सकुशल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शाहपुर, बीजादेही, चिचोली एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
Betul Crime News : बैतूल के बीजादेही थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बालईमाल मैं कुछ बदमाशों द्वारा दिनदहाड़े युवती का अपहरण कर लिया था। इस मामले में पुलिस ने अपहत युवती को सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बीजादेही थाना निरीक्षक रामकुमार मीणा बताया कि अपहरण के बाद आरोपियों ने युवती को बैतूल बाजार गन्नाबाड़ी छुपाकर रखा फिर मुलताई लेकर गए। सूचना और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने युवती को चूड़ियां गाँव से बरामद किया है।इस तरह घटना को दिया अंजाम
पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि 31 अक्टूबर 2026 को थाना बीजादेही क्षेत्र के ग्राम बालईमाल निवासी फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर लगभग 12 बजे बबलू यादव निवासी फोंगरिया मण्डाई अपने 7-8 साथियों के साथ बोलेरो वाहन से उसके घर पहुंचा। आरोपियों ने घर में घुसकर फरियादी एवं उसकी पत्नी के साथ मारपीट की। विरोध करने पर आरोपियों द्वारा मिर्च पाउडर फेंका गया तथा फरियादी की 24 वर्षीय पुत्री को जबरन बोलेरो वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए। जाते समय आरोपियों द्वारा परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बीजादेही में अपराध क्रमांक 82/2026 धारा 296(ए), 115(2), 351(3), 333, 140(3), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा विशेष टीम गठित
घटना की गंभीरता एवं युवती की सकुशल बरामदगी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन द्वारा विशेष पुलिस टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। गठित टीम में एसडीओपी शाहपुर श्रीमती अर्चना शर्मा, थाना प्रभारी बीजादेही निरीक्षक रामकुमार मीणा, थाना प्रभारी शाहपुर निरीक्षक नीरज पाल, थाना प्रभारी चिचोली निरीक्षक हरिओम पटेल, उपनिरीक्षक दिलीप यादव, थाना बीजादेही से उपनिरीक्षक गयाप्रसाद बिल्लौरे, प्रधान आरक्षक देवीप्रसाद, आरक्षक मिथलेश, ऋषिराज एवं सोहिल, थाना शाहपुर से आरक्षक नीरज पांडे एवं राजेश सेन तथा साइबर सेल बैतूल से आरक्षक राजेन्द्र एवं दीपेन्द्र को शामिल थे।
लगातार प्रयासों एवं तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
पुलिस टीम द्वारा घटना के बाद से ही लगातार सघन तलाश, संभावित स्थानों पर दबिश एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पतासाजी की गई। पुलिस की सतत मेहनत एवं समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप 02 नवंबर 2026 को प्रकरण के मुख्य आरोपी बबलू यादव पिता दीना यादव उम्र 30 वर्ष निवासी फोंगरिया तथा सह आरोपी राजेश यादव पिता भज्जू यादव निवासी मण्डई को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस टीम द्वारा अपहृत युवती को सकुशल दस्तयाब किया गया। युवती के कथन लेखबद्ध किए जाने के उपरांत उसे सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
शेष आरोपियों की तलाश जारी
प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में पुलिस अभिरक्षा में लिए गए दोनों आरोपियों से सघन पूछताछ की जा रही है। शेष आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार तलाश और दबिश दी जा रही है। पुलिस अभिरक्षा में लिए गए दोनों आरोपियों वैधानिक कार्यवाही उपरांत न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।



