Betul Murder Case Solved : प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद में बसूले से गला रेतकर की थी युवक की हत्या, 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार,
Betul Murder Case Solved: A young man was murdered—his throat slit with an adze—following a dispute over a romantic affair; 4 suspects have been arrested.
Betul Murder Case Solved : चिचोली थाना क्षेत्र के ग्राम दूधिया में युवक की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद में युवक की बसूले से गला रेतकर हत्या कर दी थी। इस हत्या के मामले में दो नाबालिक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक 25 अक्टूबर 2026 की रात्रि ग्राम दुधिया, थाना चिचोली क्षेत्र में युवक पवन गंजाम की हत्या की सूचना प्राप्त होने पर थाना प्रभारी चिचोली निरीक्षक हरिओम पटेल पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस द्वारा घटनास्थल को सुरक्षित कर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। मामले में थाना चिचोली में अपराध क्रमांक 410/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
वैज्ञानिक साक्ष्यों एवं पूछताछ से हुआ अंधे कत्ल का खुलासा*
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार, एसडीओपी शाहपुर श्रीमती अर्चना शर्मा, एफएसएस अधिकारी नर्मदापुरम श्री ऋषिकेश यादव एवं सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए गए तथा आवश्यक फोटोग्राफी कराई गई। मृतक के गले पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय चिकित्सालय चिचोली भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपियों की पतारसी एवं गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी चिचोली निरीक्षक हरिओम पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों, तकनीकी एवं अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर संदेहियों से पूछताछ की। पुलिस के सतत प्रयासों एवं विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर हत्या में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

प्रेम प्रसंग को लेकर पूर्व विवाद बना हत्या का कारण
पुलिस विवेचना में सामने आया कि ग्राम दुधिया में प्रेम प्रसंग को लेकर पूर्व में विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने पवन गंजाम की हत्या करने की योजना बनाई। 25 अक्टूबर 2026 की रात्रि करीब 1 बजे आरोपी शिवदास गंजाम, जितेन्द्र वरकड़े एवं दो अपचारी बालकों ने कथित रूप से मिलकर सो रहे पवन गंजाम पर बसुले से वार कर उसके गले पर गंभीर चोट पहुंचाई, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
प्रकरण में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिवदास गंजाम, जितेन्द्र वरकड़े एवं दो अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तारी एवं प्रकरण के निराकरण में महत्वपूर्ण भूमिका
उक्त प्रकरण के खुलासे एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में एसडीओपी शाहपुर श्रीमती अर्चना शर्मा, थाना प्रभारी चिचोली निरीक्षक हरिओम पटेल, सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी, उपनिरीक्षक मुजफ्फर हुसैन, उपनिरीक्षक दिलीप यादव, उपनिरीक्षक नरेन्द्र उइके, उपनिरीक्षक गजेन्द्र भदौरिया, सहायक उपनिरीक्षक धनसिंग सल्लाम, प्रधान आरक्षक 239 मेजर मर्सकोले, प्रधान आरक्षक 289 सुनील राठौर, प्रधान आरक्षक 244 मुकेश, प्रधान आरक्षक 136 शैलेष, प्रधान आरक्षक 155 मनीष एवं थाना चिचोली के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



