सांप निकल गया अब पीट रहे लाठी: फसल कटाई पर आ गई और अब जाकर आ रही खाद की जाँच रिपोर्ट

बैतूल, उर्वरक की जांच रिपोर्ट फसल काटने के कगार पर आ गई है तब जाकर आई है। कई किसान अमानक उर्वरक का उपयोग कर चुके हैं। अब रिपोर्ट में बता रहे थे उर्वरक अमानक था। यह सांप निकल जाने के बाद लाठी पीटने जैसा है। समय पर जांच रिपोर्ट नहीं आने से किसान भी परेशान रहते हैं और यह पता नहीं चल पाता कि किसान फसल में जो खाद का इस्तेमाल कर रहे हैं अमानक है या नही।
रबी वर्ष 2022-23 में उर्वरक गुण नियंत्रण के तहत जिले के उर्वरक विक्रेताओं/सहकारी समितियों से लिए गए उर्वरकों के नमूने उर्वरक गुण नियंत्रण प्रयोगशाला भोपाल में अमानक स्तर के पाए जाने पर पंजीयन प्राधिकारी तथा उपसंचालक कृषि श्री आरजी रजक ने उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 के खंड 26 की धारा 19-ए के अंतर्गत उर्वरकों का विक्रय केन्द्रों में उपलब्ध स्कंध की शेष मात्रा का क्रय-विक्रय जिले में तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया है।
जिन उर्वरकों के नमूने अमानक स्तर के पाए गए हैं उनमें मेसर्स गुरूकृपा कृषि सेवा केन्द्र भीमपुर से कोरोमंडल कंपनी से लिए गए उर्वरक सिंगल सुपर फास्फेट का लॉट नंबर जेडबीजी/2780/11/2022 एवं आदिम जाति सेवा सहकारी समिति खंडारा से लिए गए आईपीएल कंपनी के उर्वरक डीएपी का लॉट नंबर 12-एच/22 शामिल है।



