Betul News : कांग्रेस का पप्पू मानता ही नहीं, पार्टी की पूरी लुटिया डुबो दी: मुख्यमंत्री मोहन यादव
तेंदूपत्ता संग्राहकों पर बरसाए फूल, 3.69 लाख हितग्राहियों को 30 करोड़ से अधिक का बोनस वितरण
बोले- कांग्रेस किसानों को फूटी कौड़ी तक नहीं देती थी, हमारी सरकार हर वर्ग को उसका हक दे रही है; बैतूल को 443 करोड़ के विकास कार्यों की सौगातBetul News : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को बैतूल प्रवास के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित तेंदूपत्ता बोनस वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के पप्पू मानते ही नहीं, उन्होंने पार्टी की पूरी लुटिया डुबो दी। कांग्रेस किसानों को फूटी कौड़ी तक नहीं देती थी, जबकि हमारी सरकार किसानों और गरीबों के खातों में सीधे राशि पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब से गरीब व्यक्ति के कल्याण के लिए काम हो रहा है। दीपावली के अवसर पर किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि पहुंचाई गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चार राज्यों में एमएलसी के चुनाव में भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। बैलेट पेपर से हुए चुनाव में भी कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया। उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों को दी जा रही बोनस राशि उनका अधिकार है। हमारी सरकार जनता को उसका हक दे रही है। लाड़ली बहनों को भी लगातार आर्थिक सहायता दी जा रही है, लेकिन कांग्रेस के नेता महिलाओं को राशि देने पर सवाल उठाते हैं। कांग्रेस महिलाओं का सम्मान नहीं करती। माता-बहनें सब समझती हैं और जनता कांग्रेस को इसका जवाब देगी।
तेंदूपत्ता संग्राहकों पर बरसाए फूल, 3.69 लाख हितग्राहियों को 30 करोड़ से अधिक का बोनस
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में प्रदेश के 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों के खातों में 30 करोड़ रुपये से अधिक की बोनस राशि का अंतरण किया। इससे दक्षिण बैतूल, पश्चिम बैतूल, उत्तर बैतूल, पांढुर्णा (दक्षिण छिंदवाड़ा), पूर्व छिंदवाड़ा, पश्चिम छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम वन मंडल के संग्राहक लाभान्वित हुए। इसके साथ ही ग्राम वन समितियों को 13 करोड़ रुपये से अधिक की काष्ठ लाभांश राशि भी अंतरित की गई।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने तेंदूपत्ता संग्राहकों का फूल बरसाकर स्वागत किया। बड़ी संख्या में पहुंचे संग्राहकों और ग्रामीणों में इसे लेकर उत्साह दिखाई दिया। मुख्यमंत्री ने 443 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया। इस दौरान छात्राओं को सांकेतिक रूप से स्कूटी और लैपटॉप वितरित किए गए।
सांदीपनि विद्यालयों की तारीफ, युवाओं को रोजगार और कर्मचारियों को डीए बढ़ाने का जिक्र
मुख्यमंत्री ने शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर कहा कि सांदीपनि विद्यालयों जैसी शानदार व्यवस्था पहले देखने को नहीं मिलती थी। पहले बच्चे टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ाई करते थे, लेकिन अब स्कूलों में बैठने की बेहतर व्यवस्था की गई है। विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूटी दी जा रही है। मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि सरकार लगातार सरकारी पदों को भरने का काम कर रही है। हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकारी कर्मचारियों के लिए भी दो प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाया गया है। सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के संकल्प के साथ काम कर रही है।
कुकरू को शिमला जैसा पर्यटन स्थल बनाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने बैतूल जिले के पर्यटन स्थल कुकरू की तारीफ करते हुए कहा कि कुकरू किसी शिमला से कम नहीं है। वहां पहुंचकर अलग ही आनंद आता है। कुकरू के विकास के लिए 15 करोड़ रुपये की लागत से कार्य किए जाएंगे। यहां कॉफी के बागान विकसित करने की भी योजना है। उन्होंने मुलताई और बैतूल में औद्योगिक गतिविधियों को गति देने तथा कारखानों की शुरुआत की बात कही।
मुख्यमंत्री ने बैतूल के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें नगरपालिका क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था के लिए 50 करोड़ रुपये, हाट बाजार एवं गीता भवन के लिए 18 करोड़ रुपये, देहगुड़ मार्ग के लिए 47 करोड़ रुपये और झल्लार-आमला मार्ग के लिए 48 करोड़ रुपये के कार्य शामिल हैं।
हेमंत खंडेलवाल ने रखीं विकास कार्यों की मांगें
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए बोनस की राशि बढ़ाई है। आज 30 करोड़ रुपये से अधिक की राशि संग्राहकों को दी जा रही है। उन्होंने कहा कि बैतूल में जो भी विकास कार्य मांगे गए, सरकार ने उन्हें पूरा करने का प्रयास किया है।
खंडेलवाल ने बैतूल में पेयजल व्यवस्था के लिए 48 करोड़ रुपये, रामघाटी सिंचाई परियोजना, अंतरराज्यीय खेल मैदान और बटरफ्लाई पार्क के लिए 30 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि बैतूल खेती और उद्योग के क्षेत्र में आगे बढ़ेगा। जिले में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। आमला में सांदीपनि विद्यालय, गंज थाना सहित 92 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास की दौड़ अभी अधूरी है, अगली बार फिर कुछ नई मांगें लेकर आएंगे।
दिग्गज नेताओं और अधिकारियों की रही मौजूदगी
पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बैतूल सांसद दुर्गादास उइके, नर्मदापुरम सांसद माया नारोलिया, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान, घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा बाई उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पवार, नगरपालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर, नर्मदापुरम भाजपा जिलाध्यक्ष प्रीति शुक्ला सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा नर्मदापुरम संभागायुक्त श्रीकांत बनोठ, पुलिस महानिरीक्षक चंद्रशेखर सोलंकी, डीआईजी वीरेंद्र सिंह, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



