Betul News : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 31 अक्टूबर को बैतूल आएंगे, 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को 30 करोड़ से अधिक की बोनस राशि का करेंगे अंतरण
Betul News: Chief Minister Dr. Mohan Yadav will visit Betul on October 31; he will transfer a bonus amount exceeding ₹30 crore to 3.69 lakh tendu leaf collectors.
बैतूल पुलिस ग्राउंड में आयोजित होगा मुख्य कार्यक्रम, जिले को 443 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की मिलेगी सौगात
Betul News : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार, 31 अक्टूबर को बैतूल जिले में 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को 30 करोड़ रुपये से अधिक की बोनस राशि का अंतरण करेंगे। इससे दक्षिण बैतूल, पश्चिम बैतूल, उत्तर बैतूल, पांढुर्णा (दक्षिण छिंदवाड़ा), पूर्व छिंदवाड़ा, पश्चिम छिंदवाड़ा एवं नर्मदापुरम वन मंडल के तेंदूपत्ता संग्राहक लाभान्वित होंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ यादव द्वारा ग्राम वन समितियों को 13 करोड़ से अधिक काष्ठ लाभांश का भी अंतरण किया जाएगा।
तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण का मुख्य कार्यक्रम पुलिस ग्राउंड, बैतूल में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर जिले को 443 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विभागीय प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर 1 बजे हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद वे बडोरा, बैतूल में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे तथा यहां सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्य कार्यक्रम स्थल पुलिस ग्राउंड, बैतूल पहुंचेंगे। यहां वे विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन करने के साथ ही तेंदूपत्ता संग्राहकों के बोनस वितरण कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। मुख्यमंत्री डॉ यादव इस अवसर पर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ यादव के बैतूल भ्रमण के दौरान यातायात, मार्ग परिवर्तन, भारी वाहन प्रतिबंध एवं बस पार्किंग व्यवस्था
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में 31 अक्टूबर को बैतूल के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण कार्यक्रम के दृष्टिगत आम नागरिकों एवं वाहन चालकों के लिए सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित की गई हैं।
—भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंध—
31 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे से मुख्यमंत्री जी के भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत एलबी लॉन एवं कुंवर मैरिज लॉन आठनेर रोड,बटरफ्लाई स्क्वायर, चिचोली चौराहा, भारत भारती, हमलापुर चौक पर भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उक्त प्रतिबंधित स्थानों से भारी वाहनों को बैतूल शहर की ओर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। भारी वाहन चालक निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
—नो-व्हीकल ज़ोन—
मुख्यमंत्री जी के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की दृष्टि से हेलीपैड बालाजी पुरम रोड से तितली चौराहा, करबला, अंडरब्रिज, विजय भवन, मैकेनिक चौक, गुरुद्वारा रोड होते हुए पीडब्ल्यूडी चौक तक, कारगिल चौक से मैकेनिक चौक तक, मैकेनिक चौक से करबला होते हुए तितली चौराहा तक।
नो-व्हीकल जोन निर्धारित किया गया है। उक्त मार्गों पर निर्धारित अवधि में सामान्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए तैनात पुलिस अधिकारियों के निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।
—परिवर्तित यातायात मार्ग—
मैकेनिक चौक से आने-जाने वाले सामान्य यातायात को आवश्यकतानुसार क्वालिटी चौक होते हुए कारगिल चौक की ओर परिवर्तित किया जाएगा। यातायात की स्थिति एवं सुरक्षा व्यवस्था के अनुसार पुलिस द्वारा आवश्यकतानुसार मार्ग परिवर्तन किया जा सकेगा।
—बस पार्किंग व्यवस्था—
मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए भौंरा, शाहपुर, रानीपुर एवं सारनी की ओर से आने वाली बसें भारत भारती एवं रानीपुर रोड होते हुए न्यू बैतूल ग्राउंड, बैतूल पहुँचेंगी तथा निर्धारित पार्किंग स्थल पर पार्क की जाएगी। मुलताई, भैंसदेही एवं आमला की ओर से आने वाली बसें निर्धारित मार्ग से होते हुए स्टेडियम पार्किंग एवं उत्कृष्ट विद्यालय परिसर बैतूल में पार्क की जाएगी। हमलापुर एवं बडोरा की ओर से आने वाली बसें निर्धारित मार्ग से होते हुए स्टेडियम पार्किंग एवं उत्कृष्ट विद्यालय परिसर बैतूल में पार्क की जाएगी।
भीमपुर एवं चिचोली की ओर से आने वाली बसें भारत भारती होते हुए जेएच कॉलेज, बैतूल पहुंचेंगी तथा निर्धारित पार्किंग स्थल पर पार्क की जाएगी। छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा की ओर से आने वाली बसें बडोरा मार्ग होते हुए जेएच कॉलेज एवं न्यू बैतूल ग्राउंड बैतूल में निर्धारित पार्किंग स्थलों पर पार्क की जाएगी। नर्मदापुरम की ओर से आने वाली समस्त बसें भारत भारती होते हुए न्यू बैतूल ग्राउंड, बैतूल पहुँचेंगी तथा निर्धारित पार्किंग स्थल पर पार्क की जाएँगी।
—आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील—
यातायात पुलिस द्वारा आम नागरिकों, वाहन चालकों एवं कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले व्यक्तियों से अपील गई है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें, प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन न ले जाए, अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।



