Betul News : मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 04 जिलों के 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को अंतरित की 30 करोड़ से अधिक बोनस राशि, 600 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा
घोड़ाडोंगरी में बैराज और जलाशय बनाएं जाएंगे, 100 करोड़ से बनाये जायेंगे फुटबॉल टर्फ, इनडोर और आउटडोर स्टेडियम,जिले को दी 443 करोड़ के कई विकास कार्यों की सौगात
Betul News : बैतूल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘सच्चा वादा-पक्का काम’ के सूत्रवाक्य के साथ प्रदेश में विकास और जनहितैषी कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रही है। प्रदेश में गरीब, किसान, युवा और नारियों के कल्याण के लिए अनेकों कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीते शुक्रवार को ही किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की राशि की सौगात मिली है। प्रदेश के किसानों को पर्याप्त बिजली और सिंचाई की सुविधाएं मिल रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज बैतूल में चार जिलों के 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को 30 करोड़ रुपये से अधिक की बोनस राशि मिली है। यह दक्षिण बैतूल, पश्चिम बैतूल, उत्तर बैतूल, पांढुर्णा (दक्षिण छिंदवाड़ा), पूर्व छिंदवाड़ा, पश्चिम छिंदवाड़ा एवं नर्मदापुरम वन मंडल के तेंदूपत्ता संग्राहकों के अथक परिश्रम के सम्मान और उनके वाजिब हक की राशि है। प्रदेश के तेंदूपत्ता संग्राहकों को अब तक 80 करोड़ रुपए से अधिक राशि दी गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को बैतूल में हुए तेंदूपत्ता संग्राहकों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनजातीय नायकों का स्मरण करते हुए कहा कि अद्भुत वन सम्पदा और नैसर्गिक सौन्दर्य के मामले में बैतूल जिला अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि बैतूल जिले के समग्र विकास को और गति देने के लिए जिलेवासियों को इसी जगह पर 443 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की अनुपम सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में बन रहे सांदीपनि विद्यालय बेहतर और गुणवत्तायुक्त शिक्षा का मॉडल बन चुके हैं। बैतूल में जनजातीय बेटियों के लिए 50 करोड़ की लागत से कन्या शिक्षा परिसर और छात्रावास का भूमि-पूजन किया गया है। राज्य सरकार मेधावी योजना के अंतर्गत बोर्ड परीक्षाओं में 70 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करने वाले बच्चों को 25 हजार रुपए के लैपटॉप और कक्षा 12वीं के स्कूल टॉपर्स को स्कूटी प्रदान कर रही है। हमारी सरकार विद्यार्थियों के स्वर्णिम भविष्य के लिए किताबें, साइकिल, गणवेश और छात्रवृत्ति हर तरीके से मदद कर रही है।
रोजगार देने वाले बनें बच्चें : मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बच्चे और युवा मध्यप्रदेश का भविष्य हैं, उनके लिए भविष्य में पर्याप्त रोजगार उपलब्ध हों, इसके लिए प्रदेशभर में उद्योग स्थापित किए जा रहे हैं। हमारे बच्चे पढ़-लिखकर नौकरी मांगने की बजाय रोजगार देने वाले बनें, इसके लिए उन्हें कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। राज्य सरकार ने अब तक 85 हजार शासकीय पदों पर युवाओं को नियुक्ति दी है। अब एक लाख नए पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया जारी है। पुलिस विभाग में 18 हजार से अधिक पदों पर नियुक्ति की गई है। प्रदेश के 1 लाख से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है। हमारी सरकार सबका साथ-सबका विकास की भावना से काम कर रही है। दीपावली से पहले हमने राज्य कर्मचारियों को 2 प्रतिशत मंहगाई भत्ता (डीए) की सौगात भी दी है।
कुकरू में 15 करोड़ से पर्यटन सुविधाओं का होगा विस्तार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बैतूल के कुकरू खामला का सौंदर्य दर्शनीय है। यहां 15 करोड़ रुपए की लागत से पर्यटन सुविधाओं को विस्तार दिया जा रहा है। यहां कॉफी के बागान लगाए जाएंगे। बैतूल-मुलताई में 24 करोड़ के नए कारखाने लगाए जाएंगे। भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती के अवसर प्रदेशभर में 15 नवंबर से 17 नवंबर तक तीन दिन उत्सव मनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं
- नल जल योजना के कार्यों के लिए 50 करोड़ राशि दी जाएगी।
- बैतूल में 15 करोड़ रुपए की लागत से गीता भवन और हाट बाजार बनेगा।
- सड़क चौड़ीकरण के लिए 47 करोड़ रुपए दिए जाएंगे।
- बैतूल में 70 करोड़ रुपए की लागत से चार जलाशयों का निर्माण किया जाएगा।
- 154 करोड़ की लागत से रामघाटी मध्यम सिंचाई परियोजना विकसित की जाएगी।
- घोड़ा डोंगरी में बैराज और जलाशय बनाएं जाएंगे।
- बैतूल के शासकीय हाईस्कूलों में 50 करोड़ की लागत से सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।
- 100 करोड़ रुपए से अधिक लागत से फुटबॉल टर्फ, इनडोर और आउटडोर स्टेडियम बनाएं जाएंगे।
- बैतूल में जनजातीय संग्रहालय बनाया जाएगा।
- प्रदेश के पहले ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व फॉरेस्ट में 7 करोड़ की लागत से सफारी गेट का निर्माण किया जाएगा।
- ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व फॉरेस्ट के पास 3 करोड़ की लागत से बटर फ्लाई पार्क विकसित किया जाएगा।
- लगभग 47 करोड़ की लागत से क्रिकेट स्टेडियम की भी घोषणा है।
पशुपालकों को पुरस्कृत करने का लिया निर्णय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने गोवर्धन पूजा पर वृंदावन गांवों में अच्छे पशुधन की प्रतियोगिताएं आयोजित करने और पशुपालकों को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया है। हमारे किसान एवं सभी जनजातीय बंधु गौपालन करें और दूध उत्पादन बढ़ाकर अपनी आमदनी बढ़ाएं। राज्य सरकार कोदो-कुटकी सहित सभी प्रकार के मोटे अनाजों (श्रीअन्न) के उत्पादन को प्रोत्साहन दे रही है। उन्होंने कहा कि मजरे-टोले-दूरस्थ गांवों में रहने वाले जनजातीय भाई-बहनों को भी अब बेहतर सड़कों और मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना की ‘सुगम बसों’ की सुविधा मिल रही है।

ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित सम्पत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित सम्पत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री कराई जा रही है। जनजातीय वर्ग के हमारे सभी किसान भाइयों को सम्मान से जीने का हक मिले, इसके लिए हम लगातार जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर उनका पुण्य स्मरण करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गरीब, किसान, युवा, नारी और जनजातीय सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए समान रूप से काम कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को दीपावली और गोवर्धनपूजा की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
––तेंदूपत्ता संग्राहकों के सम्मान से लेकर विकास की नई सौगातों तक, बैतूल को मिली बड़ी उपलब्धियां : हेमंत खंडेलवाल—
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने तेंदूपत्ता संग्राहकों के मानक बोरा की दर को बढ़ाकर 4 हजार रुपये किए जाने तथा बैतूल जिले सहित नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा के लगभग 3 लाख 69 हजार संग्राहकों को 30 करोड़ रुपये से अधिक की बोनस राशि के अंतरण के लिए मुख्यमंत्री डॉ यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह राशि मेहनतकश और जनजातीय परिवारों के परिश्रम एवं योगदान के सम्मान का प्रतीक है।
श्री खंडेलवाल ने बैतूल जिले के विकास के लिए विभिन्न मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। इनमें बैतूल नगर की पेयजल समस्या के समाधान के लिए 48 करोड़ रुपये की परियोजना, गीता भवन एवं हाट बाजार के लिए 17 करोड़ रुपये, स्कूलों के अधोसंरचना विकास के लिए 47 करोड़ रुपये, अंतरराज्यीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम एवं इंडोर स्टेडियम, विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं, सड़कों और सौंदर्यीकरण कार्यों की मांग शामिल है। उन्होंने ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में सफारी के लिए 7 करोड़ रुपये और बैतूल में बटरफ्लाई पार्क के लिए 3 करोड़ रुपये की मांग भी रखी। इस सभी मांगो को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वीकृत करने की घोषणा की।
विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा लगभग 145 करोड़ रुपये के 55 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 297 करोड़ रुपये के 52 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया जा रहा है। इनमें संदीपनी विद्यालय, पेयजल योजनाएं, सड़क एवं पुल निर्माण, जनजातीय कन्या शिक्षा परिसर, औद्योगिक क्षेत्र तथा कुकरू में इको-टूरिज्म सुविधाओं का विकास किया जाएगा। उन्होंने ताप्ती बेसिन मेगा परियोजना के लिए महाराष्ट्र सरकार के साथ हुए एमओयू, बैतूल के उत्पादों की जीआई टैगिंग तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 35 हजार मकानों की निःशुल्क रजिस्ट्री के लिए मुख्यमंत्री डॉ यादव का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से बैतूल में ट्राइबल म्यूजियम विकसित किया जाएगा। यह जनजातीय संस्कृति, इतिहास और विरासत के संरक्षण एवं अध्ययन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। श्री खंडेलवाल ने कहा कि सरकार के प्रयासों से हमारा जनजातीय बाहुल्य कृषि, वन, जनजातीय विकास, पर्यटन और उद्योग के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री तथा बैतूल जिले के प्रभारी मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा, विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे, विधायक श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उईके, भैंसदेही विधायक श्री महेंद्र सिंह चौहान, विधायक श्री प्रेमशंकर वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजा पंवार, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री सुधाकर पंवार, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक गण उपस्थित थे।
—-हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ वितरित—
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। वन विभाग के अंतर्गत सुश्री शिक्षा वर्मा/हिमांशु वर्मा को एकलव्य शिक्षा विकास योजना अंतर्गत छात्रवृत्ति, श्री लाला व. सीताराम एवं श्री कालूराम/मेहतर सिंह को तेंदूपत्ता हितलाभ बोनस तथा श्री धीरज/रामेश्वर को काष्ठ लाभार्थी सांकेतिक हितलाभ प्रदान किया गया।
जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत श्यामलाल इरपाचे, श्री रमन इरपाचे, श्रीमती कलावती करोचे, श्री नंदू उईके, श्री इमरत उईके एवं श्रीमती उर्मिला उईके को वनाधिकार पट्टे प्रदान किए गए। श्रीमती झिमलु/काडमा को व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र तथा सामुदायिक वनाधिकार समिति के अध्यक्ष/सचिव को सामुदायिक वन अधिकार पत्र प्रदान किया गया।
पशुपालन विभाग के अंतर्गत श्री किशोर/डोमा पदमाकर को डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत 13.86 लाख रुपये का प्रमाण-पत्र तथा श्रीमती कल्पना सोनी शाहपुर को गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत 1 लाख रुपये का प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत रेणुका समृद्धि ग्राम संगठन की अध्यक्ष श्रीमती अनिता रावते को समूह को बैंक लिंकेज कार्यक्रम के तहत 5.40 करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया गया। राजस्व विभाग के अंतर्गत सुश्री ललिता गंगारे/श्रीराम गंगारे एवं श्री नितेंद्र सोनी/सरिता सोनी को स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन 2026 के तहत रजिस्ट्री की प्रतियां प्रदान की गईं।



