Multai Earthquake : बैतूल के मुलताई में महसूस किये भूकंप के झटके, रात में लोग घरों के बाहर निकले
Multai Earthquake: Tremors felt in Multai, Betul; people came out of their homes at night.
Multai Earthquake : बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र में शनिवार रात भूकंप के झटके महसूस होने से लोगों में हड़कंप मच गया। रात करीब 9:30 बजे अचानक धरती हिलने का एहसास होते ही लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। कई लोगों ने बताया कि भूकंप के दौरान घरों में लगे पंखे और खिड़कियां हिलने लगी थीं। कुछ सेकंड तक कंपन महसूस होने के कारण लोगों में दहशत का माहौल बन गया। मुलताई के अलावा आसपास के गांव में भी लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए हैं। मुलताई से 7 किलोमीटर दूर ग्राम गोपाल तलाई निवासी परमेश्वर बारस्कर ने बताया कि गांव में दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, रात का समय होने से अधिकांश लोग अपने घरों में मौजूद थे। जैसे ही झटके महसूस हुए, लोग अपनी जान बचाने के लिए खुले स्थानों की ओर दौड़ पड़े। कॉलोनियों और मोहल्लों में देर रात तक लोग घरों के बाहर खड़े दिखाई दिए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक मुलताई क्षेत्र में 9:31 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.9 दर्ज की गई है। भूकंप का केंद्र और गहराई को लेकर भी तकनीकी जानकारी जुटाई जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि कम तीव्रता के भूकंप सामान्य रूप से ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचाते, लेकिन रात के समय आने वाले झटके लोगों में डर और घबराहट पैदा कर देते हैं।
भूकंप के बाद प्रशासन भी सतर्क हो गया है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।



