Betul News : जिंदा नेताओं से टूटी उम्मीद, भाजपा कार्यकर्ता ने दिवंगत नेता की आत्मा से मांगा न्याय

Betul News: Hopes from living leaders shattered, BJP worker seeks justice from the soul of the deceased leader

Betul News : बैतूल जिले की राजनीति में एक भावुक और अनोखा मामला सामने आया है, जहां भाजपा से जुड़ी कार्यकर्ता श्रीमती गीता धोटे और उनके पति पर्वतराव धोटे ने जिंदा नेताओं से न्याय की उम्मीद टूटने के बाद अपने दिवंगत राजनीतिक गुरु विजय कुमार खंडेलवाल की आत्मा से न्याय की गुहार लगाई है।

श्रीमती गीता धोटे, जो पूर्व में ग्रामीण महिला मंडल की अध्यक्ष और जनपद उपाध्यक्ष रह चुकी हैं, ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के 15 माह के शासनकाल के दौरान राजनीतिक द्वेष के चलते उनका मकान तोड़ा गया। हालांकि सिविल न्यायालय से उन्हें राहत मिली और पूर्व में सहायक शिक्षक पद पर नियुक्ति भी हुई, लेकिन बाद में कथित रूप से विकलांग कोटा हटाकर उन्हें पद से हटा दिया गया।

बुधवार को स्वर्गीय विजय खंडेलवाल की जयंती पर धोटे परिवार ने अपने घर में उनकी छायाप्रति के सामने दीप जलाकर मौन व्रत रखा और न्याय की प्रार्थना की। पर्वतराव धोटे ने कहा कि उन्होंने वर्ष 1994 से अपने राजनीतिक गुरु के साथ संघर्ष किया और उनके बताए रास्ते पर चलते रहे, लेकिन आज उन्हें पार्टी में न्याय नहीं मिल रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, विधायक, सांसद सहित संगठन के कई वरिष्ठ नेताओं से न्याय की मांग की, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला। निराश होकर अब उन्होंने अपने दिवंगत गुरु की आत्मा से न्याय की उम्मीद जताई है।

पर्वतराव धोटे ने संकल्प लिया है कि जब तक उनके परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनके घर में जलाया गया दीपक लगातार जलता रहेगा। उन्होंने इसे अपने संघर्ष और विश्वास का प्रतीक बताया।

यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और राजनीतिक हलकों में भी इसको लेकर विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button