Betul Wrestling Competition : हरदा के देवेंद्र बिश्नोई बने बैतूल केसरी, दिल्ली के विकास तोमर को दी शिकस्त
Betul Wrestling Competition: Devendra Bishnoi of Harda became Betul Kesari, defeating Vikas Tomar of Delhi.
Betul Wrestling Competition : बैतूल गंज हनुमान व्यायाम शाला द्वारा रविवार को गंज क्षेत्र में विशाल आम दंगल का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश सहित अन्य राज्यों से आए पहलवानों ने कुश्ती में अपना दमखम दिखाया। देर शाम बैतूल केसरी का फाइनल मुकाबला हरदा के देवेंद्र बिश्नोई और दिल्ली के विकास तोमर के बीच हुआ। मुकाबले के पहले पांच मिनट तक दोनों पहलवानों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला। इसके बाद अतिरिक्त समय दिया गया, जिसमें पॉइंट के आधार पर निर्णय हुआ। देवेंद्र बिश्नोई ने पहला और निर्णायक पॉइंट हासिल कर बैतूल केसरी का खिताब जीत लिया, जबकि विकास तोमर उपविजेता रहे।
अन्य मुकाबलों में 61 से 72 किलोग्राम वजन वर्ग में बैतूल के शोहराब परमार ने मंडीदीप के बजरंगी पहलवान को पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। 72 से 85 किलोग्राम वर्ग में हरियाणा के भरत ने मंडीदीप के आर्यन को हराया। 50 से 60 किलोग्राम वर्ग में बैतूल के लखन पहलवान ने मंडीदीप के आकाश को शिकस्त दी। वहीं 0 से 50 किलोग्राम वजन वर्ग में बैतूल के कृष्णा पहलवान ने अचलपुर के पहलवान को हराकर खिताब अपने नाम किया।
स्पर्धा में महिला पहलवानों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उनके आक्रामक दांव-पेंच और तकनीकी कुश्ती ने दर्शकों को खासा प्रभावित किया। आम दंगल में बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।



