Betul Road Accident : बाइक और पिकअप की भिड़ंत में युवक की मौत, दो गंभीर घायल
Betul Road Accident: Youth killed, two seriously injured in collision between bike and pickup
Betul Road Accident : बैतूल बाजार थाना क्षेत्र के भयावाड़ी गांव के पास सोमवार दोपहर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, तीनों युवक बाइक पर सवार होकर बैतूल बाजार जा रहे थे, तभी सामने से आ रही एक पिकअप वाहन ने तेज रफ्तार में बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बैतूल बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने छाता निवासी करण (उम्र 20 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य युवकों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
बैतूल बाजार थाना प्रभारी अंजना धुर्वे ने बताया कि मृतक और घायल युवक स्थानीय निवासी हैं। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना स्थल से पिकअप को जब्त किया जाएगा। प्राथमिक जांच में पता चला है कि पिकअप तेज रफ्तार में थी, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।



