Betul News : कलश यात्रा के साथ पावन प्रज्ञा पुराण कथा एवं 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ

Betul News: Inauguration of the holy Pragya Purana Katha and 9 Kundiya Gayatri Mahayagna with Kalash Yatra.

Betul News : बैतूल जिले के प्रभात पट्टन विकासखंड अंतर्गत ग्राम बिसनूर में बुधवार को आध्यात्मिक चेतना और धार्मिक उल्लास के वातावरण में 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं पावन प्रज्ञा पुराण कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के प्रथम दिवस वैदिक परंपराओं के अनुरूप मंगल कलश यात्रा के साथ इस दिव्य आयोजन की शुरुआत की गई। कलश यात्रा में श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत बालिकाएं, महिलाएं एवं पुरुष बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए। सिर पर कलश धारण किए श्रद्धालु जयघोष करते हुए ग्राम के प्रमुख मार्गों से गुजरे, जिससे संपूर्ण ग्राम क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

कलश यात्रा के उपरांत सायंकाल 8 बजे से आध्यात्मिक उद्बोधन का आयोजन हुआ, जिसमें धर्म, संस्कार और आत्मोत्थान पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के दूसरे दिन देव आवाहन एवं यज्ञ पूजन संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां अर्पित कर विश्व कल्याण, पर्यावरण शुद्धि एवं जन-जन के मंगल की कामना की गई।

आयोजन के आगामी चरण में शुक्रवार को प्रातः 7:30 बजे से 10 बजे तक यज्ञ एवं संस्कार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पावन प्रज्ञा पुराण कथा का सुमधुर वाचन श्रद्धेय धनराज धोटे द्वारा किया जा रहा है, जिनके ओजस्वी प्रवचनों से श्रोतागण धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्राप्त कर रहे हैं।

इस पुण्य आयोजन में गोलू महाले, हरीभाऊ वडूकले, कमलेश कोसे, ज्ञानदेव धोटे, मुकिदराव ठाकरे, श्रावण महाले सहित समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा है। गायत्री यज्ञ में बिसनूर सहित आसपास के ग्रामों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिससे यह आयोजन जन-जन के लिए आध्यात्मिक जागरण का केंद्र बन गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button