Betul News : कबाड़खाना संचालक की लापरवाही से लगी भीषण आग, कोतवाली पुलिस ने दर्ज की FIR
Betul News: A massive fire broke out due to the negligence of the junkyard operator, Kotwali police registered an FIR.
Betul News : जिला बैतूल में सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेंद्र जैन द्वारा लगातार दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत इटारसी रोड स्थित कबाड़खाने में लगी भीषण आग के मामले में कबाड़खाना संचालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक 07 मार्च की शाम
लगभग 06 बजे इटारसी रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास संचालित रशीद खान के कबाड़खाने में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। कबाड़खाने में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, रबर टायर, वाहनों का स्क्रैप एवं अन्य ज्वलनशील सामग्री असुरक्षित तरीके से रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई और पूरे कबाड़ के ढेर को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक देवकरण डेहरिया एवं थाना प्रभारी गंज निरीक्षक नीरज पाल पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए स्थिति को नियंत्रित करने की कार्रवाई प्रारंभ की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेंद्र जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, एसडीओपी बैतूल सुनील लाटा, रक्षित निरीक्षक दिनेश मर्सकोले, सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी, थाना प्रभारी बैतूल बाजार निरीक्षक अंजना धुर्वे एवं यातायात प्रभारी गजेंद्र केन सहित पुलिस बल मौके पर उपस्थित रहा।
तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिस पर बैतूल, बैतूल बाजार, शाहपुर, घोड़ाडोंगरी, आठनेर एवं मुलताई से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान एसडीएम बैतूल एवं तहसीलदार बैतूल द्वारा भी घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा जेसीबी मशीन की सहायता से कबाड़ को हटाकर दमकल टीम द्वारा आग को पूरी तरह बुझाया गया। होमगार्ड विभाग के जवानों द्वारा aska लाइट के सहायता से मौके पर त्वरित रोशनी की व्यवस्था की गई।
घटनास्थल के ऊपर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही थी तथा आसपास रिहायशी मकान होने के कारण बड़ी जनहानि की आशंका बनी हुई थी, किंतु पुलिस, प्रशासन एवं दमकल दल की तत्परता से संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।
प्रारंभिक जांच में पाया गया कि कबाड़खाने में वाहनों के पार्ट्स, साइकिल, टायर, ज्वलनशील तेल, लोहे की शीट आदि असुरक्षित तरीके से एकत्रित कर विद्युत उपकरणों को काटने एवं नष्ट करने का कार्य किया जा रहा था,* जिससे आग लगने की संभावना बनी हुई थी।
पुलिस कार्रवाई:
थाना कोतवाली बैतूल में कबाड़ी रशीद खान के विरुद्ध धारा 326(f), 110, 324(4), 324(3), 272, 280, 285, 287 बीएनएस, धारा 4 सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 तथा धारा 139 म.प्र. विद्युत अधिनियम* के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस टीम
निरीक्षक देवकरण डेहरिया, निरीक्षक नीरज पाल, रक्षित निरीक्षक दिनेश मर्सकोले, निरीक्षक आबिद अंसारी, निरीक्षक अंजना धुर्वे, उपनिरीक्षक बसंत अहाके, यातायात प्रभारी गजेंद्र केन, सहायक उपनिरीक्षक जगदीश नावरे, सहायक उपनिरीक्षक राजेश मालवीय, प्रधान आरक्षक दिनेश निमोदा, आरक्षक पवन लोवंशी, आरक्षक अमरदास मढानी, आरक्षक धरमचंद।
पुलिस अधीक्षक बैतूल के निर्देश
पुलिस अधीक्षक श्री वीरेंद्र जैन द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संचालित कबाड़खानों, गोदामों एवं ज्वलनशील सामग्री के भंडारण स्थलों की नियमित जांच करें। जहां असुरक्षित तरीके से ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण किया जा रहा हो, वहां संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए तथा फायर सेफ्टी मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही घनी आबादी वाले क्षेत्रों में संचालित अवैध कबाड़खानों पर विशेष निगरानी रखी जाए।



