Betul Crime News : फागुन मेले में खूनी खेल, युवक की चाकू मारकर हत्या, एक घायल; तीन आरोपी गिरफ्तार

Betul Crime News: Bloody game in Phagun fair, youth stabbed to death, one injured; three accused arrested

Betul Crime News :  बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र में फागुन मेले के दौरान पुरानी रंजिश के चलते हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपियों ने चाकू से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देशन में जिले में अपराधों पर नियंत्रण और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी भैंसदेही भूपेंद्र सिंह मौर्य के मार्गदर्शन में आठनेर थाना पुलिस ने हत्या के मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

मेले में हुआ विवाद, चाकू से किया हमला

पुलिस के अनुसार फरियादी रामप्रसाद पिता राधे कवडे (25) निवासी ग्राम बैरमढाना ने थाना आठनेर में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि 5 मार्च 2026 को वह ग्राम हिरादेही में आयोजित फागुन मेले में अपनी मौसी रनौती धुर्वे के घर गया हुआ था।

शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच घर के सामने सड़क पर झगड़े की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो मोहित वाडिवा निवासी सातकुंड अपने साथियों के साथ फरियादी के बड़े पिताजी के बेटे गोविंद और विशाल के साथ गाली-गलौच करते हुए चाकू से हमला कर रहा था।

इस दौरान आरोपी मोहित वाडिवा ने गोविंद की दाहिनी कमर में चाकू मार दिया, जबकि विशाल के दाहिने पैर की जांघ और बाएं कंधे पर वार किया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

अस्पताल में गोविंद को मृत घोषित किया

घटना के बाद फरियादी और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया तो आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद घायल गोविंद और विशाल को निजी वाहन से सरकारी अस्पताल आठनेर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद गोविंद को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल विशाल का उपचार जारी है।

डीजे पर नाचने को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि 19 फरवरी 2026 को ग्राम बैरमढाना में राम सलामे की शादी में डीजे पर नाचने को लेकर गोविंद, विशाल और मोहित वाडिवा व उसके साथियों के बीच विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने 5 मार्च को मौका पाकर चाकू से हमला कर दिया।

हत्या का मामला दर्ज

फरियादी की शिकायत पर थाना आठनेर में अपराध क्रमांक 47/26 के तहत धारा 296-बी, 115(2), 103(1) और 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

तीन आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की गई और संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें मोहित पिता केशोराव बाडिया (23) निवासी सातकुंड और दो अपचारी बालक (17-17 वर्ष) शामिल हैं। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को 8 मार्च 2026 को भैंसदेही न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक विजय सिंह ठाकुर, उपनिरीक्षक मांगीलाल ठाकरे, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश धुर्वे, प्रधान आरक्षक निर्मल पवार, आरक्षक मनीष पटेल, आरक्षक बिप्लब मिरासे और आरक्षक बीरबल मीणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button