Betul News : पटाखा बाजार में अवैध कार्बाइड गन बेचते पकड़ा गया युवक, बैतूल पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Betul News: Youth caught selling illegal carbide gun in firecracker market, major action by Betul police

Betul News : बैतूल दीपावली त्योहार के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा जांच तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को थाना कोतवाली पुलिस ने न्यू बैतूल ग्राउंड स्थित पटाखा बाजार में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कार्बाइड गन बेचते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, थाना कोतवाली को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इफ्तेखार पिता इसामुद्दीन खान (35 वर्ष), निवासी आजाद वार्ड, टिकारी, बैतूल, समीर पटाखा दुकान पर कार्बाइड रसायन से संचालित गन बेच रहा है।
सूचना पर उप निरीक्षक छत्रपाल सिंह धुर्वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से तीन ग्रे रंग की प्लास्टिक पाइप से बनी कार्बाइड गन बरामद की गई। पुलिस ने जब्ती बनाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम की धारा 4, 5, 9(ख) एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 288 के तहत अपराध क्रमांक 1020/2025 पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है।
स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को लेकर पुलिस की सख्ती
एसपी वीरेंद्र जैन ने बताया कि हाल ही में मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में कार्बाइड गन के उपयोग से बच्चों की आंखों की रोशनी कम होने और श्वसन तंत्र पर प्रतिकूल असर जैसी घटनाएँ सामने आई हैं। इसी कारण जिले के सभी थाना प्रभारियों को पटाखा बाजारों की नियमित जांच करने और अवैध गन या विस्फोटक पदार्थ की बिक्री रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
जनता से पुलिस की अपील
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि कार्बाइड गन, अवैध पटाखों या किसी भी प्रकार के असुरक्षित विस्फोटक पदार्थ का निर्माण, भंडारण या उपयोग न करें। यह न केवल कानूनन अपराध है बल्कि जीवन के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।
यदि किसी को ऐसी गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।



