Betul News : प्रेमानंद महाराज के अच्छे स्वास्थ्य की कामना के लिए मुस्लिम समाज ने दरगाह पर चढ़ाई चादर
Betul News: Muslim community offered Chadar at the Dargah to pray for the good health of Premanand Maharaj.
Betul News : बैतूल में धर्म और मानवता की मिसाल पेश करते हुए शुक्रवार को मुस्लिम समाज के लोगों ने वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के अच्छे स्वास्थ्य की कामना के लिए दरगाह पर चादर अर्पित की। प्रेम, सद्भाव और एकता का यह अनूठा उदाहरण देखने वालों के लिए प्रेरणादायक बन गया।
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज अस्वस्थ चल रहे हैं। उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए देशभर में श्रद्धालु प्रार्थनाएं कर रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को बैतूल मुस्लिम समाज के सारिक खान के नेतृत्व में लोगों ने पहलवान बाबा की दरगाह पर जाकर विशेष दुआ की और चादर चढ़ाई। इस मौके पर समाज के कई लोग मौजूद रहे जिन्होंने मिलकर महाराज के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की अरदास की।
सारिक खान ने बताया कि प्रेमानंद महाराज ने हमेशा समाज में सद्भाव, प्रेम और सेवा का संदेश दिया है। उन्होंने किसी धर्म या मजहब में भेदभाव नहीं किया, बल्कि मानवता को सर्वोच्च धर्म बताया। यही कारण है कि उनके प्रति सभी धर्मों के लोग आदर और श्रद्धा रखते हैं। खान ने कहा, “हम सबने दिल से दुआ की है कि प्रेमानंद महाराज जल्द स्वस्थ होकर पुनः भक्तों का मार्गदर्शन करें।
गौरतलब है कि प्रेमानंद महाराज वृंदावन के उन संतों में से एक हैं जिनके लाखों अनुयायी न केवल भारत में बल्कि विदेशों में भी हैं। वे अपने प्रवचनों के माध्यम से भक्ति, सेवा और संस्कार का संदेश देते आए हैं। उनके स्वास्थ्य की खबर से भक्तगण चिंतित हैं, और लगातार उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए पूजा-पाठ, भजन और दुआएं कर रहे हैं।
इस पहल ने एक बार फिर यह सिद्ध किया है कि इंसानियत सभी धर्मों से ऊपर है, और जब बात मानवीय संवेदना की हो, तो समाज की दीवारें अपने आप मिट जाती हैं। बैतूल में मुस्लिम समाज की यह पहल गंगा-जमुनी तहज़ीब का एक जीवंत उदाहरण बन गई है।



