Betul News : खराब परफॉर्मेंस पर सेवा से नाराज कलेक्टर ने  सचिव को किया निलंबित, इनके लोगो के वेतन काटने और बर्खास्त करने के दिए निर्देश

Betul News: Dissatisfied with poor performance, the Collector suspended a secretary and issued instructions to deduct the salaries of—and dismiss—concerned personnel.

Betul News : बैतूल घोड़ाडोंगरी ब्लॉक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों के क्रियान्वयन की कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा गुणवत्ताहीन कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्यों में गड़बड़ी पर जीरो टॉलरेंस रहेगा। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री गणेश जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सब इंजिनियर, सचिव रोजगार सहायक उपस्थित रहें।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने वीबी रामजी योजना में मानव दिवस सृजन के कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी इंजीनियर्स को अपने परफॉर्मेंस में सुधार लाने की सख्त हिदायत दी। विभिन्न निर्माण कार्यों के प्राक्कलनों की जांच करने तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि योजना की तीन दिवसीय ऑनलाइन विंडो में एक भी कार्य नहीं होने पर संबंधित ग्राम रोजगार सहायकों के तीन-तीन दिवस के वेतन को अवैतनिक किया जाए। साथ ही संबंधित इंजीनियर्स, सहायक परियोजना अधिकारी वीबी रामजी तथा सहायक यंत्री जनपद पंचायत घोड़ाडोंगरी के विरुद्ध भी अवैतनिक की कार्रवाई के निर्देश दिए। खराब परफॉर्मेंस जारी रहने पर सेवा से बर्खास्त करने की कार्रवाई के लिए सीईओ जिला पंचायत को निर्देशित किया गया।

ग्राम पंचायत झोली में बिना मूल्यांकन के खराब गुणवत्ता के कार्य किए जाने की शिकायत पर कलेक्टर ने सचिव को निलंबित कर विभागीय जांच के निर्देश दिए। ग्राम चिखलीमाल में चेकडेम निर्माण में लापरवाही पर सचिव चिखलीमाल,वहीं ग्राम पंचायत शक्तिगढ़ में खराब सड़क निर्माण के बावजूद भुगतान किए जाने पर सचिव को निलंबित करने तथा संबंधित सब इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। जिन ग्राम पंचायतों में शून्य मानव दिवस सृजित हुए हैं, वहां ग्राम रोजगार सहायकों के दो माह के वेतन को अवैतनिक करने के निर्देश दिए गए।

 

राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान निर्धारित लक्ष्य को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना में कम प्रगति वाले सिवानपाट एवं बंजारीढ़ाल में प्रगति बढ़ाने को कहा गया। 15वें वित्त आयोग के अपूर्ण कार्यों की समीक्षा करते हुए सीताकामथ एवं चिखलीमाल में लंबित कार्यों तथा बांसपुर एवं शक्तिगढ़ में सामुदायिक शौचालय निर्माण के अपूर्ण कार्यों के संबंध में संबंधित सचिव एवं सब इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

सीसी पेंडिंग कार्यों में लापरवाही पर सब इंजीनियर दीपेश सोनकर को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि कोई भी सीसी निर्माण कार्य लंबित नहीं रहना चाहिए। चिखलीआमढाना, महकार और झोली सहित अन्य स्थानों के निर्माण कार्यों का सोशल ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए गए।

विधायक निधि से स्वीकृत सामुदायिक सांस्कृतिक भवन, बाउंड्रीवाल सहित अन्य लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। सामुदायिक भवन निर्माण के अपूर्ण कार्यों के संबंध में संबंधित पंचायतों के सचिवों के वेतन को अवैतनिक करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत कान्हावाड़ी में आंगनवाड़ी भवन का कार्य अपूर्ण रहने पर सचिव से वसूली एवं निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पोषण वाटिका, रेन वाटर हार्वेस्टिंग तथा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं एसीबी अवसंरचना योजना के कार्यों की समीक्षा कर उन्हें तेजी से पूर्ण करने को कहा गया।

सामाजिक न्याय एवं अन्य विभागों की भी हुई समीक्षा

सामाजिक न्याय विभाग की समीक्षा के दौरान 21 प्रकार की दिव्यांगता के आधार पर चिन्हांकन, पेंशन, डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट और समग्र ई-केवाईसी की प्रगति की समीक्षा की गई। समग्र ई-केवाईसी में लापरवाही पर समग्र सुरक्षा अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। चिखलीआमढाना में समग्र ई-केवाईसी की कम प्रगति पर सचिव एवं जीआरएस को नोटिस देने के निर्देश दिए गए। संबल पंजीयन की समीक्षा करते हुए प्रगति बढ़ाने तथा अंत्येष्टि सहायता के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण कराने को कहा गया।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा की गई। सीएफआरआर के लंबित प्रकरणों को शीघ्र उपखंड स्तर पर भेजने के निर्देश दिए गए। शिक्षा संजीवनी अभियान की प्रगति की समीक्षा में बताया गया कि कुल 240 स्कूलों को शॉर्टलिस्ट किया गया है।

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने निर्देश दिए कि जिन पंचायतों के पास राशि उपलब्ध है, वहां आवश्यकता के आधार पर अतिरिक्त कक्ष निर्माण, छत की मरम्मत, ट्यूबवेल, शौचालय, फिटिंग सहित आवश्यक कार्य प्रस्तावित किए जाएं। उन्होंने एसडीएम शाहपुर को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। स्कूलों के उन्नयन कार्यों के लिए पंचायत, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एवं पीएमजीएसवाई के इंजीनियर्स को स्कूल आवंटित करने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत अमले को निर्देशित किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता न हो और योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button